किसानों को लागत का लाभकारी मूल्य दिलाए सरकार: त्यागी

किसानों को लागत का लाभकारी मूल्य दिलाए सरकार: त्यागी
  • सहारनपुर में भारतीय किसान संघ के धरने में मंचासीन पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने लागत पर लाभकारी मूल्य दिलाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर मांगों का समाधान कराने की मांग की।

हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर धरने को सम्बोधित करते हुए प्रदेश संयोजक गन्ना व जिला प्रभारी श्यामवीर त्यागी ने कहा कि किसानों को कृषि उपज की लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य नहीं मिलने के कारण गरीब किसान और गरीब व कर्जदार होता जा रहा है। सरकार द्वारा घोषित एमएसपी केवल किसान के साथ छलावा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषित एमएसपी से कहीं अधिक लागत किसान को अपनी फसल को तैयार करने में आती है और इस एमएसपी का लाभ भी केवल देश के छह प्रतिशत किसानों को ही मिल पाता है। इसलिए किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं बल्कि लागत आधार पर लाभकारी मूल्य सरकार को देना होगा। उन्होंने कहा कि एक बार घोषित मूल्य के बाद उसके आदानों में होने वाली महंगाई को भुगतान में समायोजित करके वास्तविक लाभकारी मूल्य चुकाना होगा।

जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी ने कहा कि भारतीय किसान संघ की केंद्रीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव दिया गया था कि 31 अगस्त तक किसान की फसल का लाभकारी मूल्य घोषित करे जिस पर केंद्र सरकार द्वारा कोई सकारात्मक रूख नहीं दिखाया गया है। इस कारण भारतीय किसान संघ को धरना प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि दस दिन के अंदर सरकार द्वारा किसानों की समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता तो भारतीय किसान संघ आगे की रणनीति तय करेगा।

प्रदर्शनकारियों को जिला उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, जिला महामंत्री विक्रम सिंह पुंडीर ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान मनीष शर्मा, विकास, ठाकुर राजपाल सिंह, किरणपाल, मुनेश त्यागी, अक्षय, गुरूदत्त, अमरीश त्यागी, डिम्पल राणा, फिरोज गाड़ा, राकेश प्रधान, इंतखाब प्रधान, जनक चौधरी, गौरव धीमान, रेशू, अंग्रेज, विक्रम सिंह, रामपाल सिंह, बृजवीर सिंह, मदनपाल, कालूराम, सुमित चौधरी, सुधीर बडूली, अजय त्यागी, मुकेश, मांगेराम चेयरमैन, सुखदेव काम्बोज, मोनू सैनी, मैनपाल सिंह, सोनू मुखिया, कमल प्रधान आदि सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।