राजकीय विद्यालय साढौली हरिया को किया जाएगा विश्वविद्यालय परिसर के रूप में प्रयोग: कुलपति
- सहारनपुर में पत्रकारों को जानकारी देते मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय के कुलपति एच.एस. सिंह।
सहारनपुर। मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हृदय शंकर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की अंतरिम कार्य परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार संगठक महाविद्यालय के रूप में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय साढौली हरिया को विश्वविद्यालय कैम्पस के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में फैकल्टी ऑफ बिजनेस, मैनेजमेंट ऑफ कॉमर्स, फैकल्टी ऑफ लॉ, फैकल्टी ऑफ एजुकेशन से सम्बंधित पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
कुलपति प्रो. एच. एस. सिंह आज पुवांरका स्थित विश्वविद्यालय स्थित परिसर में अपने कार्यालय में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में शैक्षणिक सत्र 2023-24 से शैक्षणिक गतिविधिया प्रारम्भ की जानी हैं। इस सम्बंध में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में शासन से स्वीकृत संकायों/पाठ्यक्रमों में से ऐसे विषय/विभाग जिनसे प्रयोगात्मक परीक्षा का प्राविधान नहीं है, में से परास्नातक स्तर पर अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, प्राचीन भारतीय इतिहास, इतिहास, राजनीति शास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शन शास्त्र, लोक प्रशासन, समाज शास्त्र, समाज कार्य, अर्थशास्त्र, ह्यूमन राइट एंड ड्यूटी, वूमैन स्टडीज एंड डवलपमेंट, सैन्य अध्ययन, गणित, सांख्यिकीय, पर्यावरण अध्ययन, पब्लिक हेल्थ, एमकॉम, एमबीए, मास्टर ऑफ लॉ, लाईप लॉंग लर्निंग एंड एक्सटेंशन एवं कम्युनिटी एजुकेशन एंड डवलपमेंट पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनके समक्ष पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं। वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
