‘जनता की योजनाएं बंद कर रही सरकार’, ज्योतिबा फुले जयंती पर पूर्व CM अशोक गहलोत का भजनलाल सरकार पर निशाना

‘जनता की योजनाएं बंद कर रही सरकार’, ज्योतिबा फुले जयंती पर पूर्व CM अशोक गहलोत का भजनलाल सरकार पर निशाना

समाज सुधारक ज्योतिबा राव फुले की 200वीं जयंती के मौके पर राजस्थान की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की मौजूदा भजनलाल शर्मा सरकार पर सीधा निशाना साधा है.

गहलोत ने कहा कि महात्मा फुले ने समाज से भेदभाव मिटाने के लिए पूरी जिंदगी काम किया. लेकिन आज की सरकार उसी भावना के खिलाफ काम कर रही है. उनका आरोप है कि बीजेपी सरकार समाज में बराबरी की बजाय फर्क बढ़ाने वाली नीतियां अपना रही है.

योजनाओं को बंद करने पर नाराजगी

पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि उनकी सरकार के दौरान शुरू की गई कई जनकल्याणकारी योजनाओं को मौजूदा सरकार ने बंद कर दिया है. गहलोत के मुताबिक, ये योजनाएं आम लोगों के लिए बेहद जरूरी थीं और इन्हें बंद करना जनता के हित के खिलाफ है.

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि खुद पीएम ने पहले इन योजनाओं की तारीफ की थी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार बदलने के बाद भी इन योजनाओं को जारी रखा जाएगा. ऐसे में अब प्रधानमंत्री को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए.

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि फुले जयंती पर सिर्फ भाषण देना ही काफी नहीं है. असली सम्मान तब होगा जब उनके विचारों को जमीन पर लागू किया जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ऐसा करने में नाकाम साबित हो रही है.

अमीर-गरीब की खाई बढ़ने का आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि उनके शासन में अमीर और गरीब के बीच की दूरी और बढ़ रही है, जो महात्मा फुले की सोच के बिल्कुल विपरीत है. उन्होंने सरकार से अपील की कि जनता के हित में बंद की गई योजनाओं को दोबारा शुरू किया जाए. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.


Leave a Reply