45, 35 या 25 दिन… कब मिलेगा सिलिंडर? सोशल मीडिया पर दावों के बाद सरकार ने किया साफ
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बाद पूरी दुनिया में ईंधन की किल्लत होने लगी है। ऐसे में भारत में कालाबाजारी और जमाखोरी शुरू हो गई है। इसको लेकर केंद्र सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है और लगातार अपडेट दे रही है। ताजा घटनाक्रम में सिलिंडर की रिफिलिंग को लेकर कुछ खबरें चली हैं, जिसे पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय ने सिरे से खारिज कर दिया है।
मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा, “सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ समाचार रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए संशोधित समय सीमा का दावा कर रहे हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि ऐसा कोई बदलाव नहीं किया गया है। रिफिल बुकिंग की मौजूदा समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।”
क्या दावा किया गया?
मंत्रालय के मुताबिक, न्यूज रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत दिए गए कनेक्शन की सिलिंडर रिफिल बुकिंग के लिए समय-सीमा 45 दिन, गैर पीएमयूवाई सिंगल सिलिंडर रिफिल बुकिंग के लिए 25 दिन और गैर पीएमयूवाई डबल सिलिंडर रिफिल बुकिंग के लिए 35 दिन की समय-सीमा तय की गई।
क्या है प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना?
आपको बता दें कि भारत सरकार ने साल 2016 में देश की महिलाओं को फ्री गैस सिलेंडर देने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शुरू की थी और इस योजना के जरिए देश की करोड़ों महिलाओं को फ्री सिलेंडर की सुविधा मिल रही है।
