shobhit University Gangoh
 

कोरोना के इलाज के लिए NPS से भी निकाला जा सकेगा पैसा, सरकार ने दी इजाजत

कोरोना के इलाज के लिए NPS से भी निकाला जा सकेगा पैसा, सरकार ने दी इजाजत
NBT

हाइलाइट्स

  • PFRDA ने NPS के खाताधारकों को COVID-19 के इलाज से जुड़े खर्चों के लिए आंशिक निकासी की इजाजत दी
  • भारत सरकार के फैसले के मद्देनजर, कोविड-19 को गंभीर बीमारी घोषित करने का निर्णय किया गया है
  • खाताधारकों, उनके जीवनसाथी, बच्चों, डिपेंडेंट माता-पिता के इलाज के लिए दी जाएगी निकासी की इजाजत

नई दिल्ली
कोरोनावायरस के इस संकट काल में PFRDA ने भी खाताधारकों को राहत दी है। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने NPS के खाताधारकों को COVID-19 के इलाज से जुड़े खर्चों के लिए आंशिक निकासी की इजाजत होगी। पीएफआरडीए ने राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) के तहत सभी स्टेकहोल्डर्स और खाताधारकों को संबोधित करते हुए एक सर्कुलर में कहा, ‘भारत सरकार के फैसले के मद्देनजर, कोविड-19 को गंभीर बीमारी घोषित करने का निर्णय किया गया है, जो जानलेवा है।’

कब निकाल सकेंगे पैसा?
पीएफआरडीए ने सर्कुलर में कहा है कि खाताधारकों को बीमारी के इलाज के लिए आंशिक निकासी(Partial Withdrawal) की इजाजत दी जाएगी। यह इजाजत जरूरत पड़ने पर खाताधारकों, उनके जीवनसाथी, बच्चों, डिपेंडेंट माता-पिता के इलाज के लिए दी जाएगी। पीएफआरडीए ने स्पष्ट किया है कि आंशिक निकासी की सुविधा अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के खाताधारकों के लिए नहीं होगी।

अटल पेंशन योजना(APY) वाले नहीं कर सकेंगे निकासी
पीएफआरडीए ने कहा, ‘हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि मौजूदा समय में एपीवाई के खाताधारकों के लिए आंशिक निकासी का कोई प्रावधान नहीं है।’ एनपीएस और एपीवाई पीएफआरडीए की दो प्रमुख पेंशन योजनाएं हैं। एनपीएस और एपीवाई के तहत कुल खाताधारकों की संख्या 31 मार्च तक 3.46 करोड़ थी। पीएफआरडीए के आंकड़ों के अनुसार इसमें से एपीवाई के खाताधारकों की संख्या 2.11 करोड़ थी।

13 दिनों में EPFO को मिले 4 लाख आवेदन
EPFO को कोरोनावायरस से बने हालात में 13 दिनों पहले पैसा निकालने के बारे में दी गई रियायत के तहत चार लाख आवेदन मिले हैं। इस रियायत के तहत सब्सक्राइबर्स को तीन महीने की सैलरी के बराबर या पीएफ के 75 प्रतिशत हिस्से के बराबर रकम निकालने की छूट दी गई। यह रिटायरमेंट फंड बॉडी इन आवेदनों की शीघ्रता से प्रोसेसिंग करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर रही है। फाइनैंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण ने 26 मार्च को 1.7 लाख करोड़ रुपये का रिलीफ पैकेज घोषित करते हुए इस रियायत का भी ऐलान किया था।

Jamia Tibbia