श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया गोवर्धन पूजा व अन्नकूट पर्व

- सहारनपुर में गोवर्धन पूजा करते श्रद्धालु।
सहारनपुर [24CN]। जनपद में श्रद्धा व आस्था का प्रतीक अन्नकूट पर्व बड़ी श्रद्धा व उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अपने-अपने घरों में गोवर्धन पर्वत बनाकर विधि-विधान के साथ पूर्जा-अर्चना की गई। तत्पश्चात मां अन्नपूर्णा की पूजा कर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया।
स्थानीय अम्बाला रोड स्थित राधा कृष्ण मंदिर में भी अन्नकूट पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया जिसमें विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व नगर विधायक राजीव गुम्बर व सहारनपुर उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने किया।
कार्यक्रम में राधा कृष्ण मंदिर के प्रबंधक पीयूष अग्रवाल, समाजसेवी अशोक छाबड़ा, ओमप्रकाश, राजीव, राजेंद्र गुप्ता, मुकेश दत्ता, अजय खटाना, सुरेश ठक्कर, दर्शनलाल गुप्ता, सुधीर मिगलानी, मदन लाम्बा आदि मौजूद रहे। उधर पुरानी अनाज मंडी स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर में भी मां जगदम्बा कुटुम्ब के तत्वावधान में श्री गोवर्धन पूजा महोत्सव मनाया गया। मंदिर में श्री ठाकुर जी को छप्पन भोग व छत्तीस व्यंजनों का भोग लगाया गया।
इस दौरान मुख्य व्यवस्थापक पं. ललित कपिल, संकेत गोयल, अक्षय अग्रवाल, अंकुश शर्मा, विपिन कश्यप, उदित वर्मा, प्रणयन कौशिक, रिमांशु सिंघल, गंगाराम, आरजू शर्मा, राधिका खुराना, अनुराधा गोयल आदि मौजूद रही।