भाजपा शासन में हुआ गुंडों व माफियाओं का खात्मा: जसवंत

भाजपा शासन में हुआ गुंडों व माफियाओं का खात्मा: जसवंत
  • सहारनपुर में भाजपा के महापौर प्रत्याशी के कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित करते नगर विधायक।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में माफियाराज व गुंडाराज का खात्मा किया गया है। महिलाओं में सुरक्षा का माहौल पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी की हिम्मत नहीं है कि अपराध करने के बारे में सोच भी सके।

संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी आज यहां दिल्ली रोड स्थित भाजपा के सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ओर जहां भारत की साख विदेशों में बढ़ी है। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डा. अजय सिंह को रिकार्ड मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। लोनिवि राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निकाय चुनाव विशाल अंतर से जीतेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के मुकाबले में कोई विपक्षी नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के कार्यों का पूरा जनसमर्थन प्राप्त है। भाजपा प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन ने कहा कि भाजपा के शासन में चारों ओर विकास हुआ है और सहारनपुर महानगर में भी अनेक विकास कार्य हुए हैं और बहुत से विकास कार्य किए जा रहे हैं जिनके पूरे होने पर महानगर की एक अलग तस्वीर दिखाई देगी। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि सीएम योगी की सरकार में सहारनपुर के काष्ठकला उद्योग को नई पहचान मिली है। महानगर में नए पार्कों, सड़कों व सीवरेज के काम हुए हैं। जल निकासी से सम्बंधित कार्य किए जा रहे हैं। यह सब जनता के आशीर्वाद से ही पूरा हुआ है।

पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व महापौर संजीव वालिया व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि 2014 से लगातार जनता का स्नेह और सम्मान भाजपा को मिल रहा है जो आगे भी जारी रहेगा। भाजपा प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से विजय मिलने पर महानगर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और सबके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान गंगोह विधायक कीरत सिंह, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व विधायक महावीर राणा, हेमंत अरोड़ा, अमित गगनेजा, दिनेश सेठी, किशोर शर्मा, शीतल विश्नोई, बोधराम धीमान, योग चुग, विपिन कुमार, गौरव गर्ग, गौकरण दत्त शर्मा, नरेश धनकर, नूतन शर्मा, वर्षा चोपड़ा, नीलू राणा समेत भारी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।