हौजरी में आग लगने से लाखों रूपए मूल्य का सामान जला

- सहारनपुर में आग लगने से जला सामान।
सहारनपुर [24CN]। थाना जनकपुरी क्षेत्रांतर्गत चकहरेटी रोड स्थित एक हौजरी में बीती रात आग लगने से लाखों रूपए मूल्य का सामान जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना जनकपुरी क्षेत्रांतर्गत चकहरेटी रोड स्थित मस्जिद वाली गली में जेबा टैक्सटाइल हौजरी में देर रात अचानक आग लग गई। आग लगी देखकर आसपास के लोगों ने फैक्ट्री मालिक व फायर ब्रिगेड को सूचना दी तथा आग बुझाने में जुट गए। लगभग साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्षेत्रवासियों व हौजरी कर्मचारियों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया परंतु तब तक फैक्ट्री में रखा लाखों रूपए मूल्य का सामान जलकर राख हो गया।
फैक्ट्री स्वामी ने बताया कि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है। आग लगने से लाखों रूपए मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। उधर फायर ब्रिगेड को सूचना देने पर मौके पर न पहुंचने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश नजर आया।