दारोगा भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने आयु सीमा में दी छूट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस की नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। योगी सरकार ने दारोगा भर्ती में अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की विशेष छूट देने का फैसला लिया है। यह निर्णय सभी वर्गों के अभ्यर्थियों पर लागू होगा और इसका आदेश गृह विभाग की ओर से जारी कर दिया गया है।
यह छूट उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा में शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के तहत दी गई है। इसके तहत विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार का यह निर्णय चयन वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक की रिक्तियों पर लागू होगा। इस दौरान उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की कुल 4,534 रिक्तियों को भरा जाना है।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, कोविड महामारी और बीते कुछ वर्षों में भर्ती न होने के चलते अभ्यर्थी लंबे समय से आयु सीमा में छूट की मांग कर रहे थे। पहले भी आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों की दोबारा परीक्षा के दौरान तीन वर्ष की छूट दी गई थी।
हाल ही में डीजीपी मुख्यालय ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को 26,596 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा है। इनमें 4,534 पद दारोगा के हैं, जबकि बाकी सिपाही और बंदी रक्षक के हैं।
दारोगा भर्ती के तहत पदों का ब्योरा इस प्रकार है:
-
उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस : 4,242 पद
-
महिला उपनिरीक्षक (PAC) : 106 पद
-
प्लाटून कमांडर/उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस : 135 पद
-
उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर (विशेष सुरक्षा बल) : 60 पद
इसके अलावा आरक्षी के 19,220 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
इस फैसले से हजारों युवाओं को एक और मौका मिलेगा और वे अपने पुलिस सेवा के सपने को साकार करने की दिशा में फिर से प्रयास कर सकेंगे।