सहारनपुर में जीएमसीएल टी-20 लीग का आगाज, पुलिस टीम ने 165 रन से दर्ज की शानदार जीत
- सहारनपुर में जीएमसीएल प्रतियोगिता का शुभारम्भ करते अतिथिगण।
सहारनपुर। गली मोहल्ला कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग (जीएमसीएल) के तत्वावधान में सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट यूपी स्टेट सीजन-1 (2026-27) का शुभारंभ बुधवार को ज्ञान कलश इंटरनेशनल स्कूल क्रिकेट ग्राउंड में हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन डीआईजी अभिषेक सिंह ने फीता काटकर किया।
5 अप्रैल से 3 मई तक आयोजित होने वाले इस टी-20 लेदर बॉल टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें 15 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन गली मोहल्ला क्रिकेट लीग और जीएम बॉक्स क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस आयोजन को सहारनपुर पुलिस के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का भी समर्थन प्राप्त है। उद्घाटन मुकाबला सहारनपुर पुलिस और रेवेन्यू लायंस के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सहारनपुर पुलिस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विनीत ने 77 और स्वतंत्रता ने 62 रनों की शानदार पारियां खेलीं। रेवेन्यू लायंस की ओर से प्रदीप और दक्ष प्रताप ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेवेन्यू लायंस की टीम सहारनपुर पुलिस की घातक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और मात्र 66 रनों पर ऑल आउट हो गई। रेवेन्यू की ओर से विकास ने 21 और रॉबिन ने 11 रन बनाए। सहारनपुर पुलिस के विनीत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके और उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस प्रकार सहारनपुर पुलिस ने 165 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।
