AIMIM नेता शौकत अली के विवादित बयान पर भड़के गिरिराज सिंह, बोले- ‘देश कानून से चलता है’
New Delhi : दिल्ली में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश एआईएमआईएम के अध्यक्ष हाजी शौकत अली के विवादित बयान और विपक्ष पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कहा कि देश कानून से चलता है और कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता.
ओवैसी और AIMIM पर सीधा हमला
हाजी शौकत अली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, “यह देश कानून के अनुसार चलता है. न तो अकबरुद्दीन ओवैसी, न ओवैसी साहब और न ही यूपी के प्रदेश अध्यक्ष इस देश को चलाते हैं. कोई भी कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता.”
इस बयान के जरिए उन्होंने साफ संकेत दिया कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर सख्त है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
राहुल गांधी पर तीखा वार
लोकसभा में प्रधानमंत्री के भाषण पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी एक ‘अबोध बालक’ हैं. उन्होंने कोरोना काल में गलत जानकारी फैलाकर लोगों को भड़काया. आज देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा करती है. देश में ईंधन के दाम नहीं बढ़े हैं, जबकि दुनिया के कई देशों में कीमतें बढ़ी हैं. देश में एक ही समस्या है, नेता प्रतिपक्ष.”
पुराने बयानों और मुद्दों का भी जिक्र
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के पुराने बयानों को भी उठाया. उन्होंने कहा, “मैंने कल भी कहा था, राहुल गांधी के हर बयान को देखिए,राफेल से शुरू करके. उन्होंने कई मामलों में अदालत में माफी मांगी है. वह ‘अबोध बालक’ हैं. हिमाचल सरकार ने तेल के दाम बढ़ाए हैं. राहुल गांधी ‘भो-भो’ करते रहते हैं, लेकिन यह क्यों नहीं बताते कि आपने कीमतें क्यों बढ़ाईं? जबकि प्रधानमंत्री ने ऐसा नहीं किया.”
राजनीति में बढ़ती तल्खी
इन बयानों से साफ है कि आने वाले समय में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो सकता है. संसद के अंदर और बाहर दोनों जगह बयानबाजी का दौर जारी है, जिसमें एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगातार बढ़ रहे हैं.
