लोनी। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के एक बयान पर ट्वीट किया है। उन्होंने लोनी एसडीएम के भूमाफियाओं से मिलने होने के बयान पर चुटकी लेते प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा कि जब भाजपा के अपने विधायक अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार और लूट-डकैती के बारे में बता रहे हैं तो कोई और सबूत क्या चाहिए।

उनका ट्वीट लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विधायक ने लोनी एसडीएम संतोष कुमार राय पर भूमाफियाओं से मिले होने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि नेहरू पार्क पर कब्जा हो रहा है। वहीं रोड के बीच लैंटर पड़ा है। नीलम फैक्ट्री के पास करीब 52 बीघा जमीन पर कब्जा करवा दिया गया है। इस संबंध में उनके द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया।

लखनऊ से कार्रवाई के आदेश आए जिन्हें एसडीएम दबा कर बैठ गए। एसडीएम स्वयं को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव का नजदीकी बताते हैं। उनके इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया जब भाजपा के अपने विधायक अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार को लूट-डकैती बता रहे हैं तो कोई और सबूत क्या चाहिए।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब बुल्डोजर कहां है। उन्होंने लिखा कि ये क्राेध हिस्सा न मिलने का है या अपने अधिकार क्षेत्र में किसी और के हस्तक्षेप का है।

उधर, इस मामले में एसडीएम लोनी संतोष कुमार राय ने भी एक ट्वीट किया है, उनका दावा है कि अवैध निर्माण उनकी तैनाती से पूर्व हुआ है, जिसके संबंध में जीडीए से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद अवैध निर्माण ध्वस्त किया जाएगा।