ढोल-नगाड़ों के साथ किया गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

ढोल-नगाड़ों के साथ किया गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
  • सहारनपुर में गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन करते जाते श्रद्धालु।

सहारनपुर [24CN]। जनपद में चल रहे गणेशोत्सव के दौरान स्थापित की गई गणेश प्रतिमाओं का बैंडबाजों के साथ शोभयात्रा के रूप में मानकमऊ पहुंचकर बड़ी नहर में श्रद्धा के साथ विसर्जन किया गया। भूतेश्वर मंदिर रोड स्थित वरिष्ठ पत्रकार विशाल कश्यप व सन्नी चौहान के घर पर गणपति बप्पा की स्थापना कर लगातार एक सप्ताह तक गणेशोत्सव मनाया गया। इसके बाद भगवान गणेश की धूमधाम से विदाई की गई। विदाई से पूर्व पूजा-अर्चना व प्रसाद का भोग लगाया गया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर प्रसाद ग्रहण किया।

शोभायात्रा विशाल कश्यप व सन्नी चौहान के घर से शुरू होकर भूतेश्वर मंदिर से मंडी समिति रोड होते हुए अम्बाला रोड से गुजरकर मानकमऊ घाट पर पहुंची। शोभायात्रा में भगवान गणेश के स्वरूप की मनमोहक झांकी सजाई गई थी। जबकि ढोल व नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। इस दौरान भगवान को पुष्प अर्पित कर श्रद्धालुओं ने रंग व गुलाल की जमकर होली खेली। इस दौरान विनय कश्यप, मोनी कश्यप व मां भवानी सेवा संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।