युग-युगांतर तक प्रेरणा स्रोत बना रहेगा गांधी जी का त्याग व बलिदान: संदीप

युग-युगांतर तक प्रेरणा स्रोत बना रहेगा गांधी जी का त्याग व बलिदान: संदीप
  • सहारनपुर में आयोजित गोष्ठी में गांधी जी के विचारों से अवगत कराते कांग्रेस नेता

सहारनपुर। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शहीद दिवस के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 77वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के त्याग एवं बलिदान के साथ-साथ उनके दक्षिणी अफ्रीका के संघर्ष के दिनों को भी याद किया।

गुरूद्वारा रोड स्थित महानगर कार्यालय पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने गांधी जी को त्याग और बलिदान की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के त्याग व बलिदान की संस्कृति देश के नागरिकों के लिए युग-युगांतर तक प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी। गांधी जी ने अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए पहले दक्षिण अफ्रीका में और उसके बाद सन 1915 में भारत आकर आजादी की लड़ाई के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने देश में छुआ-छूत जैसी व्याप्त कुरीतियों का पुरजोर विरोध कर देश में सामाजिक न्याय का मार्ग भी प्रशस्त किया। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल एवं महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने राष्ट्रपिता को याद करते हुए उन्हें अहिंसा का पुजारी बताया। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि महात्मा गांधी एक महान विचारक थे और उनकी सोच हमेशा मानवता को समर्पित रहती थी। महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने कहा कि गांधी जी ने पूरे विश्व को अहिंसा का वो पाठ पढ़ाया जो कि आज भी तर्कसंगत है। कार्यक्रम के अंत में प्रयागराज महाकुंभ में शाही स्नान के दौरान मची भगदड़ में मारे गए तीर्थ यात्रियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर कांग्रेसजनों ने 2 मिनट का मौन रखा। इस दौरान मुख्य रूप से पीसीसी धर्मपाल जोशी, नरेंद्र शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष हरिओम मिश्रा, पूर्व पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, पूर्व जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस नितिन शर्मा, कांग्रेस सेवा दल जिला अध्यक्ष इमरान कुरैशी, कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष इकराम खान, सेवादल नगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, सौरभ भारद्वाज, नसीब खान, राकेश वर्मा, मयंक शर्मा, प्रभजीत सिंह,  बरकत अंसारी, इरशाद प्रधान आदि मौजूद रहे।