ब्रह्मांड रूप विनायक हैं गणपति महाराज: कालेंद्रानंद
- सहारनपुर में राधा विहार स्थित मंदिर में गणेश पूजा करते श्रद्धालु।
सहारनपुर [24CN]। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि ब्रह्मांड रूप विनायक गणपति विश्व का मंगल करने वाले हैं। स्वामी कालेंद्रानंद यहां राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित गणपति महोत्सव में श्रद्धालुओं को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने गणपति महाराज की महिमा का बखान करते हुए कहा कि गणपति महाराज शिवशक्ति का संयुक्त ब्रह्मपुंज रूप व साक्षात् ब्रह्म का स्वरूप हैं जिसमें मां पार्वती अनन्य कृपा से शिव के आशीर्वाद से गणपति प्रथम पूजित हैं। विघ्नकर्ता के रूप में गणपति सबके संकट हरते हैं। रिद्ध-सिद्धि गणपति की अर्धांग्नि हैं और शुभ और लाभ उनके दो पुत्र हैं जिन पर गणपति की कृपा हो जाती है, उन्हें रिद्धि-सिद्धि, समृद्धि व शुभ लाभ सभी की प्राप्ति हो जाती है।
उन्होंने कहा कि गणपति महाराज ब्रह्मांड के विनायक और मंगल मोती हैं जो संसार का कल्याण करने वाले हैं। गणपति महोत्सव में जो गणपति विराजमान कर नियमित रूप से जाप करते हैं और गणपति की आराधना कर लड्डू का भोग अर्पण कर आरती उतारते हैं, उन पर गणपति की अनन्य कृपा होती है। इस अवसर पर पं. ऋषभ शर्मा, पं. योगेश तिवारी, सोनू शर्मा, अरूण स्वामी, राजेंद्र, विवेक गर्ग, रमेश शर्मा, मोंटी शर्मा, वर्षा, किरण, बबीता, ललितेश, सरिता, मोनिका, निशा, कविता, गीता आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।
