
परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव के गागलहेड़ी
- सहारनपुर में परमवीर चक्र से सम्मानित योगेंद्र सिंह का फाइल फोटो।
गागलहेड़ी। देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित वीर सपूत योगेंद्र सिंह यादव के आगामी 10 फरवरी को गागलहेड़ी आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है। उनके स्वागत की तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली गई हैं। कोलकी टोल प्लाजा से गागलहेड़ी तक स्वागत यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। कस्बे के प्रमुख मार्गों को तिरंगों, देशभक्ति से ओत-प्रोत बैनरों और पुष्प सज्जा से सजाया जा रहा है। स्वागत यात्रा का दृश्य राजधानी के राजपथ की भव्यता की झलक देगा। जानकारी के अनुसार, यात्रा मार्ग पर देशभक्ति गीतों की गूंज, भारत माता की जय के नारों और पुष्प वर्षा के बीच परमवीर चक्र विजेता का स्वागत किया जाएगा। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
