गरीब व बेसहारा लड़कियों की शादी के लिए प्रदान की धनराशि

गरीब व बेसहारा लड़कियों की शादी के लिए प्रदान की धनराशि
  • सहारनपुर में एफबीडी ट्रस्ट की टीम का आभार जताती महिला व उसकी बेटियां।

सहारनपुर [24CN] । एफबीडी ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं द्वारा जरूरतमंद लोगों को रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में अपने कदम बढ़ाते ही पिताविहीन दो गरीब लड़कियों की शादी में 51 हजार रूपए का कन्यादान किया। मिली जानकारी के अनुसार कस्बा बेहट की मौहल्ला महाजनान निवासी कैलाश की विधवा पत्नी बबली ने अपनी दो पुत्रियों का विवाह 21 जनवरी को तय कर रखा था। बबली के पति का कई वर्ष पूर्व देहांत हो गया था तथा बबली घरों में काम करके अपने जीवन निर्वाह कर रही थी। इसकी वजह से वह अपनी बेटियों की शादी के लिए कपड़े व कुछ बर्तनों के अलावा कोई सामान नहीं जुटा पाई थी। बेटियों की शादी के लिए उसे समाज की सहायता की जरूरत पड़ी तो बेहट के प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका रीता गुप्ता ने अपनी टीम फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के माध्यम से लड़कियों के विवाह के लिए सहयोग की अपील की। इस पर बबली के खाते में मात्र 24 घंटे से भी कम समय में 50 हजार रूपए से अधिक की धनराशि पहुंच गई। इस धनराशि से बबली ने अपनी बेटियों की शादी के जरूरी सामान खरीदा। बबली व उसकी दोनों बेटियों ने एफबीडी ट्रस्ट के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।