लंदन से लेकर लद्दाख तक, पूरी दुनिया ने एक स्वर में माना भारत के ‘योग का महत्व! देश- विदेश में आयोजित हुए योग कार्यक्रम

लंदन से लेकर लद्दाख तक, पूरी दुनिया ने एक स्वर में माना भारत के ‘योग का महत्व! देश- विदेश में आयोजित हुए योग कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है, कितने ही क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है और ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि योग हमें दुनिया को जोड़ने का संदेश देता है और यह सीमाओं, पृष्ठभूमि, उम्र या क्षमता से बंधा नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन मानवता के लिए उस प्राचीन प्रथा की शुरुआत का प्रतीक है जहां आंतरिक शांति वैश्विक नीति बन गई है। उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से आज पूरी दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है। कितने ही क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है। ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है।

विशाखापत्तनम में योग दिवस पर आंध्र प्रदेश में बन सकते हैं कई रिकॉर्ड

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार यहां कई रिकॉर्ड बनाने की कोशिश कर रही है, जिसमें पिछली बार योगाभ्यास के दौरान लोगों की अधिकतम उपस्थिति का रिकॉर्ड तोड़ना भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशाखापत्तनम के आरके बीच पर समारोह का नेतृत्व किया और रिकॉर्ड बनाने की इन कोशिशों का हिस्सा बने। बंगाल की खाड़ी के किनारे समुद्र तट पर लाखों लोग उनके साथ योगाभ्यास में शामिल हुए। दुनिया भर के कई देशों द्वारा मनाए जा रहे योग दिवस की थीम ‘‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’’ रखी गई है और आंध्र प्रदेश का लक्ष्य सबसे बड़ा योग सत्र आयोजित कर ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज कराना है। इसका लक्ष्य एक ही स्थान यानी विजाग में एक ही योग सत्र में पांच लाख लोगों की भागीदारी के साथ ‘गिनीज विश्व रिकॉर्ड’ बनाना है।

संयुक्त राष्ट्र में विशेष ध्यान सत्र के आयोजन के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

संयुक्त राष्ट्र में भारत के दूत ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यहां आयोजित विशेष ध्यान सत्र में कहा कि ऐसे समय में जब तनाव और मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियां बढ़ रही हैं, योग अधिक शांतिपूर्ण तरीके से जीवन जीने का मार्ग प्रदान करता है। प्रख्यात चिकित्सक, लेखक और स्वास्थ्य गुरु दीपक चोपड़ा ने शुक्रवार शाम को योग दिवस के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की ओर से संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित सत्र का नेतृत्व किया। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के उत्तरी लॉन में रंग-बिरंगी चटाइयां बिछाई गई थीं, जहां 1,200 से अधिक लोगों ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पी. ​​हरीश ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि इस वर्ष योग दिवस का विषय – योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ है जो 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता की थीम वन अर्थ, वन हेल्थ पर आधारित है।

लंदन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लंदन के स्ट्रैंड क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित चौक पर सैकड़ों लोग एकत्र हुए, जहां भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुक्रवार की शाम को किंग चार्ल्स तृतीय का विशेष संदेश पढ़कर समारोह का आरंभ किया। योग के प्रति अपनी रुचि के लिए प्रसिद्ध 76 वर्षीय किंग चार्ल्स ने अपने संदेश में कहा कि यह वार्षिक उत्सव एकता, करुणा और कल्याण जैसे वैश्विक सिद्धांतों को बढ़ावा देता है। बकिंघम पैलेस से आए उनके संदेश में कहा गया, इस वर्ष की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ हमें यह याद दिलाती है कि वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक खुशहाल और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने हेतु विश्व का एकजुट होना कितना आवश्यक है।

जिम्बाब्वे में धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रहा है योगाभ्यास

जिम्बाब्वे की राजधानी के बाहरी इलाके में सोशलाइट बार में शनिवार को सूर्योदय से पहले एक छोटा समूह इकट्ठा हुआ है। समूह में शामिल लोग आंखें बंद करके ध्यान की मुद्रा में बैठे हैं। यहां आमतौर पर योग नहीं होता। जिम्बाब्वे में, योग दुर्लभ है और ज्यादातर समृद्ध उपनगरों में यह किया जाता है। हालांकि अब योग राजधानी हरारे से 30 किलोमीटर दूर एक छोटे शहर चिटुंगविजा में जड़ें जमा रहा है। इस पहल का नेतृत्व योग प्रशिक्षक एक्शन्स विन्या कर रहे हैं, जिन्हें लगता है कि आर्थिक समस्याएं और सामाजिक दबाव उनके गृहनगर के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहे हैं। विन्या ने कहा, “योग बहुमूल्य है… हमारे आसपास बस्तियों में जो लोग रहते हैं, उनके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की जरूरत है।” विन्या समृद्ध क्षेत्रों में पढ़ाते हैं और 30 से 100 डॉलर प्रति माह फीस लेते हैं। इतने पैसे कमाना ऐसे देश में अधिकांश लोगों के लिए असंभव है, जहां कई लोग अनौपचारिक कामकाज के जरिए आजीविका चलाते हैं। साल 2023 से, विन्या जिम्बाब्वे की आर्थिक समस्याओं के कारण सबसे अधिक प्रभावित लोगों की मुफ्त में सप्ताहांत में कक्षाएं ले रहे हैं।

सिक्किम में उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

सिक्किम में शनिवार सुबह पालजोर स्टेडियम में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, जिसमें राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी शामिल हुए। माथुर ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा, योग का वैश्विक उत्सव हमारे देश की अनूठी पहचान और प्राचीन ज्ञान को दर्शाता है।

झारखंड में नेताओं ने लिया योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यकर्मों में हिस्सा

झारखंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विभिन्न दलों के नेताओं ने शारीरिक और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए योगाभ्यास में भाग लिया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रांची के बिरसा मुंडा फन पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया और कहा, योग केवल एक अभ्यास नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है जो हृदय, आत्मा और मस्तिष्क के बीच संतुलन स्थापित करती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के अंबिकापुर में आयोजित एक योग सत्र में भाग लिया, जबकि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने देवघर में योगाभ्यास किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने यमुना किनारे किया योग

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना नदी के किनारे योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी और उनके मंत्रिमंडल सहयोगी कपिल मिश्रा भी मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल के चुनाव के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जनता को यह दिखाने के लिए इस स्थान का चयन किया कि यमुना नदी की सफाई का कार्य जारी है। उन्होंने कहा, “यमुना नदी हमारे विश्वास का प्रतीक है लेकिन पिछली सरकारों ने इसकी उपेक्षा की। उन्होंने इसे साफ करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। हमारी सरकार को सत्ता में आए चार महीने हुए हैं और हमने सफाई का कार्य शुरू कर दिया है।”

गोवा के मुख्यमंत्री ने स्कूलों में प्रतिदिन 15 मिनट का योग सत्र आयोजित करने का आह्वान किया

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को स्कूल शिक्षकों से आग्रह किया कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए छात्रों के साथ प्रतिदिन 15 मिनट योग का अभ्यास करें। सावंत यहां बम्बोलिम स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि योग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित विकसित भारत 2047 मिशन का एक अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्कूल के शिक्षकों को विभिन्न संगठनों द्वारा योग अभ्यास का प्रशिक्षण दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं शिक्षकों से अनुरोध करता हूं कि वे स्कूलों में अपने विद्यार्थियों के साथ प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट योग का अभ्यास करें। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से छात्रों को ध्यान केंद्रित करने और मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने में मदद मिलेगी।

इंदौर के ऐतिहासिक राजबाड़ा महल में योग कार्यक्रम में शामिल हुए सिंधिया

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शनिवार को इंदौर के पूर्व होलकर शासकों के ऐतिहासिक राजबाड़ा महल में सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हुए। सिंधिया ने कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग का नया इतिहास रचा गया है। वसुधैव कुटुम्बकम (पूरी पृथ्वी ही एक परिवार है) के विचार के आधार पर अब पूरा विश्व योग से जुड़ गया है।’’ उन्होंने कहा कि दुनिया के 170 देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाना भारत की आध्यात्मिक शक्ति और प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।

कर्नाटक के राज्यपाल और स्वास्थ्य मंत्री ने बेंगलुरू में किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह बेंगलुरु के प्रतिष्ठित विधान सौध के सामने बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव भी योग करते नज़र आए। यह आयोजन केंद्रीय आयुष मंत्रालय की योग संगम पहल के अनुरूप एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम के अंतर्गत आयोजित किया गया। राज्य के आयुष विभाग द्वारा कई संगठनों, योग समूहों और नागरिक समाज समूहों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने की। राज्यपाल, स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में विभिन्न योग आसन करते देखे गए।

पैंगोंग झील के सुरम्य तट पर एक विशाल योग शिविर आयोजित किया गया

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर, पैंगोंग झील के सुरम्य तट पर एक विशाल योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 1,000 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें सेना और अर्धसैनिक बल के जवान, छात्र और स्थानीय निवासी शामिल थे। इस कार्यक्रम का आयोजन महाबोधि अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र (MIMC), लेह द्वारा भारतीय सेना, लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और आयुष मंत्रालय के सहयोग से किया गया था। शिविर का उद्देश्य शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में योग की भूमिका के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना था। भारतीय सेना की 114 इन्फैंट्री ब्रिगेड ने झील के किनारे आयोजित कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बोलते हुए, MIMC के संस्थापक-अध्यक्ष भिक्खु संघसेना ने लद्दाख को शांति की भूमि बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन, “युद्ध के लिए बनाए गए बंकर ध्यान और योग के स्थानों में बदल सकते हैं।”

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने 14,100-14,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित सीमा चौकियों (बीओपी) धन सिंह थापा और चार्टसे पर पैंगोंग त्सो के तट पर योग किया। तस्वीरों में आईटीबीपी के 24वीं बटालियन के अधिकारी पैंगोंग त्सो झील के किनारे योग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। संदेश स्पष्ट है- योग न केवल भारत की ओर से दुनिया को एक उपहार है, बल्कि यह सभी के लिए एक स्वस्थ, सामंजस्यपूर्ण और अधिक टिकाऊ भविष्य का मार्ग भी है।

 

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *