दोनों पक्षों में चले ईंट पत्थर, महिला समेत चार घायल
- सहारनपुर में अम्बेहटा में दो पक्षों में संघर्ष के बाद मौजूद भीड़।
अम्बेहटा। कस्बा अम्बेहटा पीर के मौहल्ला कोटला में कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में एक महिला समेत चार व्यक्ति घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नकुड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने तीन को हालत गम्भीर होने के चलते जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कस्बा अम्बेहटा पीर के मौहल्ला कोटला स्थित तालाब के किनारे बैठकर कुरैशी बिरादरी के दो पक्ष में आपस में हंसी मजाक कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया जिस कारण दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चलते रहे। पुलिस ने लाठियां फटकारकर बामुश्किल स्थित पर काबू पाया।
संघर्ष में एहसान पुत्र हनीफ, शमीम पुत्र बसीर, निसार पुत्र लतीफ व एक महिला फिरदौस पत्नी अनवर घायल हो गई जिन्हें उपचार के लिए नकुड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने निसार अहसान व शमीम की गम्भीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रैफर कर दिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली नकुड़ में तहरीर दी है।
