कार की टक्कर से सहायक नगरायुक्त समेत चार घायल
सहारनपुर। नगर निगम के सहायक नगरायुक्त की गाड़ी में स्विफ्ट डिजायर कार के टक्कर मारने से सहायक नगरायुक्त समेत चार व्यक्ति घायल हो गए। जबकि आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम में तैनात सहायक नगरायुक्त अशोकप्रिय गौतम फील्ड से कार द्वारा अपनी गाड़ी से कार्यालय वापस लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह थाना कुतुबशेर क्षेत्रांतर्गत नगर निगम के गेट पर पहुंचे तभी तेज गति से आ रही कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट डिजायर कार आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि सहायक नगरायुक्त की गाड़ी भी टूट गई।
दुर्घटना में सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, सहायक अभियंता दानिश हैदर नकवी, उनके चालक, मेहता होमगार्ड शराफत घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी गेट की ओर दौड़े तथा घायल अधिकारी व कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया। सहायक अभियंता दानिश हैदर नकवी के सिर में चोट लगने के चलते उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।