नगर निगम क्षेत्र में चार शमशान और बना रहा निगम

- शिवपुरी शमशान में सात प्लेटफार्म और बनाने का काम शुरु
- मेयर संजीव वालिया ने सहायक नगरायुक्त के साथ किया स्थानों का निरीक्षण
सहारनपुर [24CN] । कोविड-19 संक्रमण के कारण महानगर में बढ़ती मृतकों की संख्या तथा शमशान घाटों में आ रही परेशानियों को देखते हुए नगर निगम महानगर में चार और शमशान घाटों की व्यवस्था कर रहा है ताकि वहां भी कोविड संक्रमण से मृत लोगों की अंत्येष्टि की जा सके। शहर में चार शमशान घाटों पर पहले से ही ये व्यवस्था चल रही है। इसके लिए शिवपुरी शमशान घाट पर सात और नये प्लेट फॉर्म बनवाये जा रहे है।
मेयर संजीव वालिया ने सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम व निगम के नायब तहसीलदार जनेश्वर को साथ लेकर महानगर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया तथा कोविड-19 शवों की अंत्येष्टि के लिए चार और नये शमशान घाट बनाने के लिए स्थान चिन्हित किया। इस दौरान समाजसेवी गुलशन नागपाल व सुरेश सलूजा भी मौजूद रहे। संावलपुर नवादा में शमशान कमेटी के अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह व उपाध्यक्ष रामकुमार से भी मेयर संजीव वालिया ने बात की। मेयर वालिया ने बताया कि इसके लिए मनोहरपुर, ताहरपुर, सांवलपुर नवादा तथा एक हसनपुर के निकट स्थान निश्चित किया गया है। इन स्थानों पर कोविड संक्रमण से मृत लोगों की अंत्येष्टि के लिए अलग से प्लेट फॉर्म बनाये जायेगे।
उन्होंने बताया कि शिवपुरी में कोविड से संक्रमित अधिक शवों की संख्या को देखते हुए निगम द्वारा वहां सात और प्लेट फॉर्म बनवाये जा रहे है। इनके निर्माण का कार्य शुरु कर दिया गया है। सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि ताहरपुर में तीन शैडेड प्लेट फॉर्म तथा तीन बिना शैडेड प्लेट फॉर्म बनाये जायेंगे। सांवलपुर नवादा व मनोहरपुर में दो-दो प्लेट फार्म बनाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इन शमशानों में प्लेट फार्म बनाने तथा उनके सौंदर्यकरण का कार्य कल सोमवार से शुरु हो जायेगा। अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि हकीकत नगर में दो और जैन शमशान में दो कोविड शव संस्कार के लिए दो दो प्लेट फॉर्म पहले से बनाये गए है। उन्होंने बताया कि शमशानघाटों को निगम के कीट पहने सफाई कर्मी बार बार सैनेटाइज कर रहे है।