35.35 करोड़ रूपये के 173 के निर्माण कार्यों का हुआ शिलान्यास

- सहारनपुर में नगर निगम द्वारा कराये जाने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास करते मेयर संजीव वालिया व अन्य।
सहारनपुर [24CN]। नगर निगम द्वारा महानगर में कराये जाने वाले 35.35 करोड़ रूपये के 173 पार्कों, नालों व सड़कों के निर्माण कार्यों का आज मेयर संजीव वालिया, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, महानगर भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर आदि ने जनमंच परिसर में सामूहिक शिलान्यास किया। इनमें 1.30 करोड़ रुपये की लागत से 14 पार्को, 19.30 करोड़ रुपये की लागत से 112 सड़कों तथा 14.75 करोड़ रुपये की लागत से 47 नालों का निर्माण कराया जायेगा। 173 कार्यों में 87 कार्य 15वें वित्त से और शेष कार्य बोर्ड फंड से कराये जायेंगे।
नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने गत चार वर्षों की नगर निगम की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा जो कार्य कराये गये हैं उनसे महानगर में विकास की एक नई धारा प्रवाहित हुई है। उन्होंने कहा कि आज जिन 173 कार्यों का शिलान्यास किया जा रहा है उनमें बोर्ड फंड से 8 करोड़ 18 लाख 6 हजार 179 रूपये की लागत से 77 सड़कों का निर्माण, 42 लाख 15 हजार 402 रूपये की लागत से कम्पनी बाग, जुबली पार्क व गांधी पार्क में पिंक शौचालय का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड फंड से ही 16 लाख 81 हजार 757 रूपये की लागत से वार्ड 50 हकीकत नगर में वीर हकीकत राय चौंक का सौन्दर्यीकरण और दिल्ली रोड़ स्थित द्वारिकापुरी में पार्क का सौन्दर्यीकरण कराया जायेगा।
नगरायुक्त ने बताया कि बोर्ड फंड से ही 64 लाख 85 हजार 940 रूपये की लागत से वार्ड नं. 13 जनता रोड़ पर, वार्ड नं. 19 गोपाल नगर, मौहल्ला गढीमलूक, मौहल्ला महादेव कालोनी, मौहल्ला हकीकत नगर तथा कम्पनी बाग की दीवार के साथ-साथ ट्रांसफार्मर तक आर.सी.सी. नाला निर्माण कार्य कराया जायेगा। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने नववर्ष में सहारनपुर को कूड़ा मुक्त शहर बनाने और स्वच्छता में नंम्बर वन लाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि नगर निगम में एक नई कार्य संस्कृति पैदा हुई है और आज सहारनपुर नगर निगम की गणना प्रदेश के मुख्य निगमों में की जाती है। भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री आवास में दिये गये 25 हजार मकानों में 80 प्रतिशत मकान अल्प संख्यकों को दिये गये हैं। उक्त सभापति भूरा सिंह प्रजापति ने अतिथियों का आभार जताया।
शिलान्यास समारोह में मुख्य अभियंता निर्माण कैलाश सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव, भाजपा के वरिष्ठ नेता तेज क्वात्रा, के.एल. अरोड़ा, विनोद चोजड़, हेमन्त अरोड़ा, सुनील गुप्ता, गोकरण दत्त शर्मा, मुकेश दीक्षित, मनोज धंनगर, वर्षा चौपड़ा के अलावा बड़ी संख्या में पार्षदगण मौजूद रहे।