दूरसंचार क्रांति के जनक थे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे जय भारत सम्पर्क महाअभियान के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों पर दूरसंचार क्रांति के जनक व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती पर भावपूर्ण स्मरण किया तथा कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव दुमझेड़ा में आज सुबह जय भारत सम्पर्क महाअभियान के तहत प्रभातफेरी निकाली गई तथा ग्रामीणों को लोकतंत्र की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने जहां एक ओर महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को पंचायत व निकायों में आरक्षण दिलाने की वकालत की, वहीं दूसरी ओर देश के युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार प्रदान कर देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की।
कार्यक्रम में चौ. मुजफ्फर अली ने दुमझेड़ा न्याय पंचायत अध्यक्ष मो. आकिल एडवोकेट के साथ गांव नन्हेड़ा में शिक्षामित्रों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं की सराहना की। सहारनपुर महानगर में राजीव गांधी के जन्मदिन पर जय भारत जनसम्पर्क महाअभियान के तहत जिला उपाध्यक्ष व निगम पार्षद स. चंद्रजीत सिंह निक्कू ने भी जनसम्पर्क कर कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराया तथा कांग्रेस को मजबूत बनाने की अपील की।