shobhit University Gangoh
 

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत गंभीर, अस्पताल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत गंभीर, अस्पताल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन

नई दिल्ली   पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सेना के रिसर्च और रेफरल (आर एंड आर) अस्पताल में मस्तिष्क की सर्जरी हुई । मस्तिष्क में बने खून के थक्के को हटाने के लिए यह सर्जरी की गयी। सूत्रों ने कहा कि मुखर्जी की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मुखर्जी के सभी स्वास्थ्य मानक स्थिर हैं और सर्जरी सफल रही।

PunjabKesari

आर आर अस्पताल की ओर से जारी मुखर्जी के स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया कि सोमवार को अस्पताल लाये जाने के समय मुखर्जी की हालत गंभीर थी और जांच में पता चला कि उनके मस्तिष्क में एक बड़ा थक्का जमा हुआ है। उनकी स्थिति को देखते हुए तुरंत उनका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है।

PunjabKesari

डॉक्टरों का एक दल उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है। इससे पहले 84 वर्षीय मुखर्जी ने ट्वीट किया कि अन्य कारणों से अस्पताल गया था, जहां पर आज कोविड-19 जांच में संक्रमित होने की पुष्टि हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वर्ष 2012 से 2017 तक देश के राष्ट्रपति रहे मुखर्जी ने ट्वीट में कहा कि मैं अनुरोध करता हूं कि जो लोग गत एक हफ्ते में मेरे संपर्क में आए हैं, वे खुद पृथक-वास में चले जाएं और अपनी कोविड-19 की जांच कराएं।

PunjabKesari

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मुखर्जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी से बात कर उनके पिता की तबीयत के बारे में पूछा। इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आरआर अस्पताल जाकर पूर्व राष्ट्रपति के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वह अस्पताल में करीब 20 मिनट तक रहे। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित पार्टी के कई साथियों ने मुखर्जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि हम पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कोविड-19 की बीमारी से शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। पूर्व राष्ट्रपति के बेटे अभिजीत मुखर्जी ने भी ट्वीट किया कि मैं अपने पिता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं अपने देशवासियों से अपील करता हूं कि वे उनके शीघ्र ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें। विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Jamia Tibbia