भूनी टोल प्लाजा पर फौजी से मारपीट का मामला गरमाया, पूर्व विधायक संगीत सोम और मांगेराम त्यागी ने किया धरना प्रदर्शन

भूनी टोल प्लाजा पर फौजी से मारपीट का मामला गरमाया, पूर्व विधायक संगीत सोम और मांगेराम त्यागी ने किया धरना प्रदर्शन
पूर्व विधायक संगीत सोम और मांगेराम त्यागी

Meerut : मेरठ-करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरधना क्षेत्र के भूनी टोल प्लाजा पर भारतीय सेना के जवान के साथ हुई बर्बर मारपीट ने क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण कर दिया है। रविवार देर शाम छुट्टी पूरी कर दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे जवान पर टोलकर्मियों ने डंडों से हमला किया। बीच-बचाव करने आए जवान के दो भाई भी पिटाई का शिकार हुए।

घटना से आक्रोशित ग्रामीण सोमवार सुबह से ही टोल पर जमा होकर प्रदर्शन करने लगे। गोटका गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें ब्लॉक प्रमुख मनोज चौहान ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। दोपहर बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता और ब्लॉक प्रमुख टोल पर धरना देने पहुंच गए। उनकी मांग थी कि आरोपित टोलकर्मियों की तुरंत गिरफ्तारी हो, टोल कंपनी का ठेका निरस्त किया जाए और बाहरी कर्मियों की जगह स्थानीय लोगों को नियुक्त किया जाए। साथ ही आरोपितों पर रासुका लगाने की भी मांग उठी।

धरने में सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम और मांगेराम त्यागी भी पहुंचे। उन्होंने इसे “देश के सम्मान पर हमला” बताते हुए कहा कि जिलाधिकारी और एसएसपी को मौके पर बुलाकर ही बातचीत होगी।

मांगेराम त्यागी

प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगड़ गया और कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से टोल प्लाजा के शीशे, बूम बैरियर और कंप्यूटर तोड़ दिए। कंट्रोल रूम का शीशा भी चकनाचूर हो गया। टोल कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए।

स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। सरूरपुर और सरधना थाना पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल ग्रामीण टोल पर डटे हुए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Jamia Tibbia