पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने थामा भाजपा का दामन
सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री व देवबंद विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक श्रीमती शशिबाला पुंडीर ने आज अपने समर्थकों के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष पुन: भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। शशिबाला पुंडीर के भाजपा में शामिल होने से समाजवादी पार्टी को करारार झटका लगा है।
गौरतलब है कि 1993 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर देवबंद विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुई श्रीमती शशिबाला पुंडीर ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद अपनी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गई थी। हाल ही के विधानसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा देवबंद विधानसभा सीट पर पहले कार्तिकेय राणा को सपा प्रत्याशी घोषित करने तथा बाद में माविया अली को भी सिम्बल दे दिया था जिसकी शशिबाला पुंडीर ने मुखर होकर खिलाफत की थी। हालांकि बाद में कार्तिकेय राणा को ही सपा का प्रत्याशी घोषित कर दिया गया था। शशिबाला पुंडीर की नाराजगी के चलते राजनीतिक क्षेत्रों में उनके सपा छोडऩे की अटकलें लगाई जा रही थी जो आज शशिबाला पुंडीर के भाजपा में शामिल होने के बाद सही साबित हुई। पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जनता की अपेक्षाओं को पूरा कर रही है। इसलिए उन्होंने पुन: भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।