पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने थामा रालोद का दामन
सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व देवबंद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोज चौधरी व जिला पंचायत की पूर्व चेयरमैन गायत्री चौधरी ने आज अपने समर्थकों के साथ भाजपा छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों में आस्था जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के समक्ष रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली।
गौरतलब है कि मनोज चौधरी 2007 में बसपा के टिकट पर देवबंद विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए थे। बाद में उन्होंने भाजपा में शामिल होकर 2017 में सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा पथा परंतु हार का सामना करना पड़ा था। जबकि उनकी पत्नी गायत्री चौधरी 2000 में जिला पंचायत सहारनपुर की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थी। गायत्री चौधरी वर्तमान में भी जिला पंचायत सदस्य हैं। आज पूर्व विधायक मनोज चौधरी व पूर्व जिला पंचायत चेयरमैन गायत्री चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचकर रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी व राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी के समक्ष रालोद की नीतियों में आस्था जताते हुए सदस्यता ग्रहण की।
पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी को आश्वस्त किया कि वह पार्टी में देश सेवा कर रालोद को मजबूत करने में सहयोग देंगे। जिला पंचायत की पूर्व चेयरमैन गायत्री चौधरी ने कहा कि रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी द्वारा महिलाओं को दिए जा रहे सम्मान व रालोद के संकल्प पत्र में नारी शक्ति का विशेष ध्यान रखा गया है। इसी से प्रभावित होकर उन्होंने रालोद में शामिल होने का निर्णय लिया है।
इस दौरान प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह, जिलाध्यक्ष राव कैसर, हाजी सलीम कुरैशी, वसीम अहमद, राकेश त्यागी प्रधान जड़ौदा पांडा, देवेंद्र दुगचाड़ी, रामपाल सिंह, सुखपाल शर्मा, ईश्वर पाल, संजीव, प्रधान सलीम, नवाब सलेमपुर, मुकेश त्यागी बजीटी, सुरेंद्र सलेमपुर, पप्पू मुखिया, रमेश कश्यप, विपिन त्यागी रणसूरा, मांगेराम प्रधान, तेलूराम, तनवीर प्रधान, बृजपाल सिंह, जोनी प्रधान, नरेश प्रधान जाटोल, राजू प्रधान आदि मौजूद रहे।