पूर्व विधायक इमरान मसूद कर रहे हैं कांग्रेस के साथ विश्वासघात: उमा भूषण

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करती कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती उमा भूषण।
सहारनपुर [24CN]। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की पूर्व सदस्य व वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री उमा भूषण ने कहा कि इमरान मसूद कांग्रेस के जिम्मेदार नेता होते हुए भी कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं तथा कांग्रेस को कमजोर बताते हुए समाजवादी पार्टी से गठबंधन की बात कर रहे हैं जो राष्ट्रीय नेतृत्व का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस हाईकमान से इमरान मसूद को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की पूर्व सदस्य श्रीमती उमा भूषण आज यहां जीपीओ रोड स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक इमरान मसूद का नाम पार्टी बदलने के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने जिले के सभी पुराने व कर्मठ कांग्रेसियों को नजरअंदाज कर पूर्व विधायक इमरान मसूद को जिले का मालिक बनाया और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के बावजूद भी दिल्ली प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। इसके बावजूद भी इमरान मसूद पार्टी के साथ विश्वासघात करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि इमरान मसूद में थोड़ी सी भी वफादारी और नैतिकता बाकी है तो वह पहले से कांग्रेस से इस्तीफा देने का काम करें। उन्होंने कांग्रेस हाईकमान से पूर्व विधायक इमरान मसूद को पार्टी से निष्कासित किए जाने की मांग की।