पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन, सपा को लगा करार झटका
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री संजय गर्ग व जिला पंचायत सदस्य रामू चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी व उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के समक्ष भाजपा की नीतियों मंे आस्था जताते हुए सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री ने भाजपा में शामिल होने वाले लोगों का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करायी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की वैश्य समाज की राजनीति मंे अपना विशेष मुकाम हासिल करने वाले पूर्व मंत्री संजय गर्ग सहारनपुर शहर सीट से तीन बार विधायक व दो बार राज्यमंत्री रह चुके है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हालांकि पूर्व मंत्री संजय गर्ग को सपा व्यापार सभा का प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी, परन्तु पिछले कुछ दिनों से पूर्व मंत्री संजय गर्ग स्वयं को सपा में असहज महसूस कर रहे थे तथा अपने नये राजनैतिक ठिकाने की तलाश में थे। आज संजय गर्ग ने अपने समर्थको के साथ लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। संजय गर्ग के भाजपा में शामिल होने से समाजवादी पार्टी को करार झटका लगा है। इसके अलावा घाड़ क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखने वाले जिला पंचायत सदस्य रामू चौधरी भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मंत्री संजय गर्ग के साथ सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मौ.आजम शाह, पूर्व नगर विधान सभा अध्यक्ष परिक्षित वर्मा, पवन गोयल, पवन गुप्ता, डॉ.सुधीर सिंह, सचिन गर्ग, प्राचीन रामलीला कमेटी के प्रधान विनय जिंदल ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वीवी पाठक, नगर विधायक राजीव गुम्बर, भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया सहसंयोजक गौरव गर्ग व शैलेन्द्र भूषण गुप्ता भी मौजूद रहे।
