बसपा पार्षद दल के पूर्व नेता ने थामा कांग्रेस का दामन

सहारनपुर [24CN] । नगर निगम में बसपा पार्षद दल के पूर्व नेता व प्रमुख समाजसेवी स. चंद्रजीत सिंह निक्कू ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के समक्ष कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी लोगों को माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने का भरोसा दिलाया। देर सायं रेलवे कालोनी स्थित नगर निगम के पार्षद व प्रमुख समाजसेवी स. चंद्रजीत सिंह निक्कू के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व प्रदेश महासचिव विदित चौधरी के समक्ष हजारों लोगों ने पार्षद स. चंद्रजीत सिंह निक्कू के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। इस दौरान कांग्रेस में शामिल होने वाले लोगों का प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। जबकि सिख समुदाय के लोगों द्वारा प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि स. चंद्रजीत सिंह निक्कू कांग्रेस के पुराने साथी रहे हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी तथा उनके अनुभव व ऊर्जा का पार्टी को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर किसानों का उत्पीडऩ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों का उत्पीडऩ कर रही है परंतु कांग्रेस किसी भी कीमत पर किसानों के शोषण व उत्पीडऩ को बर्दाश्त नहीं करेगी तथा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी अंतिम सांस तक किसानों के उत्पीडऩ व शोषण का डटकर मुकाबला करेगा। उन्होंने लालकिले पर तिरंगे के अपमान को निंदनीय बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा ने देश में अघोषित आपातकाल लागू कर रखा है। इस दौरान जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, विधायक मसूद अख्तर, विधायक नरेश सैनी, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, प्रदेश महासचिव विदित चौधरी, गुरूसिंह सभा के पूर्व प्रधान स. हरेंद्र सिंह चड्ढा, सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सत्यपाल सैनी, राजेंद्र चौहान, कु. अर्पणा सैनी एडवोकेट समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।