कांग्रेस के पूर्व जिला महामंत्री ने थामा भाजपा का दामन
- सहारनपुर के सम्भलहेड़ी में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करती सांसद कांता कर्दम।
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव अनिल चौधरी ने आज अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सांसद कांता कर्दम व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन के समक्ष भाजपा की नीतियों में आस्था जताते हुए सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की। गांव सम्भलहेड़ी में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने कहा कि भाजपा की सरकारें हमेशा किसानों के हित में रही हैं, परंतु कुछ राजनीतिक लोग किसानो को बरगलाकर उन्हें भाजपा के खिलाफ भड़काने में लगे हैं। लेकिन वे भूल गए हैं कि भाजपा देश की जनता के साथ हमेशा खड़ी है तथा भाजपा में हर किसान का हित सुरक्षित है। भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को उचित सम्मान दिया जाता है। भाजपा की विचारधारा और कार्यो को देखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों व समाज के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश चौधरी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ता को भी राष्ट्रीय स्तर तक सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा को मजबूत बनाना जरूरी है। कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव अनिल चौधरी ने कहा कि भाजपा में सभी वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यो तथा केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर दुष्यंत यादव, शीतल विश्नोई, मंडल प्रभारी महीपाल वाल्मीकि, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुनीश धीमान, अरूण यादव आदि मौजूद रहे।
