पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार ने विधानसभा से दिया इस्तीफा, भाजपा पर साधा निशाना; आज कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल

पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार ने विधानसभा से दिया इस्तीफा, भाजपा पर साधा निशाना; आज कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर नाराज पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने रविवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने उत्तर कन्नड़ जिले के सिरसी में विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी को इस्तीफा सौंपा। उन्होंने भाजपा छोड़ने की भी घोषणा की है। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने पार्टी बनाई है उन्हें उनके ‘अपने घर’ से बाहर किया जा रहा है।

सोमवार को कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल

सूत्रों के अनुसार, विधायक पद से इस्तीफे के बाद शेट्टार ने बेंगलुरु में कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार, पूर्व मंत्री एमबी पाटिल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शमनूर शिवशंकरप्पा के साथ चर्चा की। वह सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद ने कहा कि अगर शेट्टार कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं तो कांग्रेस पार्टी उनका स्वागत करेगी।

मैं अपने घर से बाहर जा रहा हूं: शेट्टार

इससे पहले शेट्टार ने कहा, “मैं अपने घर से बाहर जा रहा हूं। मुझे मेरे ही घर से निकाल दिया गया है। मैंने विधानसभा से भी इस्तीफा दे दिया है।” पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने टिकट नहीं देने का कारण नहीं बताया। कुछ लोगों ने अपने निहित स्वार्थों के कारण मुझे चुनावी मैदान में नहीं उतारने की साजिश रची थी।

टिकट आवंटन में दोहरे मानकों पर उठाए सवाल

एएनआइ के अनुसार शेट्टार ने टिकट आवंटन में दोहरे मानकों पर भी सवाल उठाए। कहा कि 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को टिकट दिया गया, लेकिन मुझे क्यों टिकट नहीं दिया गया, जबकि मैं 67 साल का ही हूं। इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा कि शेट्टार के कदम से उन्हें पीड़ा हुई है, वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद ने कहा कि अगर शेट्टार कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं तो उनकी पार्टी उनका स्वागत करेगी।

कर्नाटक के लोग शेट्टार को माफ नहीं करेंगे: येदियुरप्पा

पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा, कर्नाटक के लोग शेट्टार को माफ नहीं करेंगे। हमने शेट्टार के साथ क्या अन्याय किया है? हमने उन्हें (जगदीश शेट्टार) कर्नाटक का मुख्यमंत्री और भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें टिकट के लिए परिवार के किसी सदस्य का नाम देने का सुझाव दिया है और उन्हें राज्यसभा सदस्य और केंद्रीय मंत्री बनाने की भी पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया। अगर वह वापस भाजपा में आते हैं, तो हम उनका स्वागत करेंगे।