पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण सभी समस्याओं का समाधान: वर्मा

पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण सभी समस्याओं का समाधान: वर्मा
  • सहारनपुर में प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक को सम्बोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा।

सहारनपुर। भारतीय किसान वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ करोड़ जनता की उन्नति के लिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है।

भगतसिंह वर्मा आज यहां गांव खेड़ा मुगल में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। उत्तर प्रदेश 240928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है जिसमें 75 जिले, 18 मंडल, 80 लोकसभा क्षेत्र व 403 विधानसभा क्षेत्र हैं और उत्तर प्रदेश की जनसंख्या 25 करोड़ है। इसलिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटा जाए। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर बनने वाला पृथक पश्चिम प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे उन्नतिशील, विकासशील, खुशहाल, रोजगारपरक व सभी समस्याओं से रहित राज्य होगा।

पृथम पश्चिम प्रदेश में शिक्षा व चिकित्सा की सुविधाएं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की होंगी। भगतसिंह वर्मा ने कहा कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शिक्षित युवाओं की सरकारी नौकरी में नाममात्र की भागीदारी है। पृथक पश्चिम प्रदेश में यहां के शिक्षित व बेरोजगार युवकों को नौकरी मिलेगी तथा छोटे व्यापारी व दुकानदारों को तरक्की मिलेगी तथा किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य होगा। यहां पर 24 घंटे बिजली होगी तथा पृथक राज्य में सभी समस्याएं गायब हो जाएंगी।

उन्होंने किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, दुकानदारों, बुद्धिजीवियों, वकीलों, पत्रकारों, नौजवानों व छात्रों से पृथक राज्य निर्माण के संघर्ष में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। बैठक को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र चौधरी ने भी सम्बोधित किया। बैठक में अमरदीप मान, सुमित चौधरी, भगतसिंह भुल्लर, सुनील कुमार, अमित कुमार, मौहम्मद कुरबान, मौ. समयदीन, मौ. काला, हाजी बुद्धू हसन, महबूब हसन, आबाद अली, विक्की चौधरी, ओमवीर सिंह, विनय कुमार आदि मौजूद रहे।