वन व पर्यावरण मंत्री ने की गौशाला में गायों की पूजा
- सहारनपुर में कलसिया स्थित गौशाला में गौपूजन करते वन एवं पर्यावरण मंत्री।
बेहट। उत्तर प्रदेश के वन व पर्यावरण मंत्री डा. अरूण कुमार सक्सेना ने कलसिया स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र में पहुंचकर गायों को हरा चारा, गुड़ और केले आदि खिलाकर पूजा-अर्चना की। उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरूण कुमार सक्सेना, महापौर डा. अजय कुमार सिंह के साथ तहसील बेहट क्षेत्रांतर्गत गांव कलसिया में संचालित गौशाला में पहुंचे जहां उन्होंने महापौर डा. अजय कुमार सिंह के साथ गायों को हरा चारा खिलाकर उनकी पूजा-अर्चना की।
वन मंत्री डा. सक्सेना ने गौसेवा को सबसे बड़ी पूजा और पुण्य का काम बताते हुए कहा कि गौमाता हर मनुष्य के लिए पूज्य है। सनातन धर्म में गाय को माता के रूप में पूजा जाता है। यही भारत देश की संस्कृति है। गौ संरक्षण केंद्र के कर्ताधर्ता सुनील गुप्ता एडवोकेट ने पर्यावरण मंत्री को गौमाता का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। वन मंत्री ने गौशाला समिति की प्रशंसा करते हुए बरगद का एक पेड़ भी लगाया।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेंद्र शर्मा, अनिल सिंघल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी, प्रदीप सिंघल, पुनीत सिंघल, प्रिंस सैनी, डीएफओ, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव सक्सेना समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।