उन्नति व विकास के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी: मलिक

उन्नति व विकास के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी: मलिक
  • सहारनपुर में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक को सम्बोधित करते प्रदेश महासचिव।

सहारनपुर [24CN] । पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महासचिव आसिम मलिक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ करोड़ जनता की उन्नति के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर आगामी मानसून सत्र में पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण कर देना चाहिए।

प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक आज यहां इंद्रप्रस्थ कालोनी स्थित मोर्चा कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है जिसका विकास करना एक मुख्यमंत्री के बस की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे राज्यों के निर्माण से ही देश की उन्नति संभव है। एक ओर जहां कानून-व्यवस्था की दृष्टि से छोटा राज्य लाभप्रद है। वहीं छोटे राज्य में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। यूएसए की जनसंख्या 34 करोड़ है जबकि वहां 50 राज्य हैं। इस हिसाब से उत्तर प्रदेश में 30 से अधिक राज्य होने चाहिए लेकिन कानून-व्यवस्था की दृष्टि से चिकित्सा, शिक्षा व आवागमन की दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण अति आवश्यक है।

श्री मलिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभाजन की मांग आजादी से पहले चल रही है जिसके लिए मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में संघर्ष कर रहे हैं। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरणसिंह व के. एम. पणिक्कर ने भी आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश बनने से सर्वाधिक राजस्व देने वाला पश्चिमी उत्तर प्रदेश देश ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा व चिकित्सा सुविधाएं देने में सक्षम होगा।

पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नीरज कपिल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभाजन से जहां 24 करोड़ लोगों को लाभ होगा, वहीं कानून-व्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मानसून सत्र में उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटने के लिए प्रस्ताव लाने की भी मांग की। बैठक में सुहेल राणा, अभिषेक चौधरी, सुमित चौधरी, मो. जुबैर, शुभम कुमार, गौरव त्यागी, सलमान, वली उल्लह, मो. फहीम, मोहम्मद फैज, सद्दाम मलिक, अरशद खान, मुख्तयार आदि मौजूद रहे।