फ्लाईओवर कांड: त्यागी भूमिहार महासभा ने कोतवाली पर किया प्रदर्शन

देवबंद। प्रेमी युगल के फ्लाईओवर से कूदने के मामले में त्यागी भूमिहार महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। उनके साथ भारतीय किसान यूनियन (जनहित) के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
त्यागी भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचा और इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सोनकर से मुलाकात की। अक्षु त्यागी ने प्रकरण में अब तक की पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
कहा कि हर्षित त्यागी और किशोरी को फ्लाईओवर से कूदने के लिए किसने उकसाया और कार पर गोली किसने चलाई। पीछा करने वाले कौन लोग थे? और प्रकरण में राजनीतिक हस्तक्षेप किसका है? उन्होंने आरंभ से ही प्रेमी युगल के सात गैगस्टर जैसा बरताव करने का आरोप लगाया।
अक्षु त्यागी ने कहा कि हर्षित के घर कई दिनों से ताला लगा हुआ है। उसकी मां बहन भी गायब है। इतना ही नहीं पुलिस हर्षित से मिलने भी नहीं दे रही है। चेतावनी दी यदि 24 मई तक पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर खुलासा नहीं किया गया तो कोतवाली में अनिश्चितकालीन धरना आरंभ किया जाएगा।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन (जनहित) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक त्यागी, जिलाध्यक्ष मुनेश त्यागी, आशीष त्यागी, हरिओम प्रधान, मोहसिन, नरेश राणा आदि मौजूद रहे।