नई दिल्ली। असम, महाराष्ट्र एवं गुजरात समेत कई राज्यों में बाढ़ और वर्षा से स्थिति गंभीर हो गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों का दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को और गंभीर हो गई। 2.10 लाख से अधिक लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि काचर जिले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इससे बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 194 हो गई है।
महाराष्ट्र में नदियां उफान पर
महाराष्ट्र में लगातार वर्षा से नदियां उफनाई हुई हैं और पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। पालघर जिले में कई सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। ठाणे जिले में भातसा नदी का के किनारे रहने वाले लोगों को प्रशासन ने सावधान रहने को कहा है।
गुजरात में राहत कार्य तेज
दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के कई क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से भारी वर्षा जारी है। नवसारी जिले में 811 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। नवसारी में सूरत नगर निगम के उपायुक्त (स्वास्थ्य) आशीष नाइक ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहां पर पानी का स्तर कम हो गया है, वहां सफाई का काम शुरू करा दिया है। हमारा फोकस जल्द पहले जैसी स्थिति बहाल करने पर है।
असम में 2,10,746 लोग बाढ़ से प्रभावित
पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक असम में 2,10,746 लोग अभी भी बाढ़ से घिरे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, कछार जिले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे सूबे में बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 194 हो गई है। सबसे ज्यादा प्रभावित कछार में 1,20,118 लोग अब भी बाढ़ से जूझ रहे हैं, जबकि मोरीगांव में 89,234 लोग प्रभावित हैं। छह जिलों के कुल 799 गांव अभी भी पानी में डूबे हुए हैं।
तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में बाढ़ का अलर्ट जारी
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु में कोयंबटूर जिला प्रशासन ने भारी बारिश के बाद बाढ़ की चेतावनी जारी की है। भवानी, नोय्याल और अमरावती नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
तेलंगाना के भद्राचलम में बाढ़ की स्थिति गंभीर
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक तेलंगाना के भद्राचलम शहर और आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गोदावरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और हर घंटे जल स्तर बढ़ रहा है।
जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी उफान पर
समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के कारण चिनाब नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है। सरकार ने तटीय क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में भी बारिश की वजह से श्री गंगानगर में कई जगहों जलभराव हुआ।
आंध्र में 62 हजार को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 62 हजार से अधिक लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने शुक्रवार को गोदावरी बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि नदी के किनारे के गांवों पर ध्यान देने की जरूरत है।
ओडिशा भी बाढ़ से प्रभावित
पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कुछ हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं क्योंकि पड़ोसी आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी उफान पर है। प्रशासन को निचले इलाकों से लोगों को निकालना पड़ा है। मलकानगिरी के कलेक्टर विशाल सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कैंप लगाए हैं। मलकानगिरी जिले में पिछले चार दिनों में भारी बारिश हुई है।