सडक़ पर रखे काउण्टर, फलेक्स जब्त किये, जुर्माना वसूला

- सहारनपुर में दुकानदार का चालान करते नगर निगम के अधिकारी।
सहारनपुर। नगरायुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने आज अम्बाला रोड पर घण्टाघर से कल्पना सिनेमा तक सडक़ के दोनों ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सात दुकानों के चालान कर उनसे जुर्माना वसूला गया और एक काउण्टर, एक रेहड़ी व अनेक फलैक्स जब्त कर नगर निगम लाए गए। प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद करते हुए एक दुकान पर तीन हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग के नेतृत्व में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम ने आज घण्टाघर से कल्पना सिनेमा तक सडक़ के दोनों ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए करीब तीन दर्जन दुकानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया। सात दुकानों से करीब चार हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। एक दुकानदार द्वारा सडक़ पर फैला कर रखे गए पांच टायर जब्त किये गए, लेकिन बाद में जुर्माना अदा करने पर चेतावनी देते हुए टायर लौटा दिए गए।
इस दौरान एक काउन्टर, सडक़ पर लावारिस खड़ी एक रेहड़ी तथा आधा दर्जन फलेक्स बोर्ड जब्त कर निगम लाये गए। अभियान के दौरान एक दुकान से प्रतिबंधित पॉलीथिन व गिलास बरामद होने पर तीन हजार रुपये जुर्माना लगाया। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा प्रतिबंधित पॉलीथिन पाया गया तो भारी जुर्माना लगाने के साथ मुकदमा भी दर्ज कराया जायेगा।