बजरंग दल के संयोजक पर डाला ज्वलनशील पदार्थ, हालत गम्भीर

बिहारीगढ़ [24CN] । थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत गांव कुरडीखेड़ा (चाणचक) में बीती रात्रि चार लोगों ने रंजिश के चलते बजरंग दल के संयोजक प्रमोद सैनी पर हमला कर ज्वलंनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस कारण प्रमोद सैनी गम्भीर रूप से झुलस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रमोद सैनी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां से उसे गम्भीर हालत के चलते हायर सैंटर रैफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात्रि थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत गांव कुरडीखेड़ा (चाणचक) में रंजिश के चलते चार लोगों ने बजरंग दल के संयोजक प्रमोद सैनी पर हमला कर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इसी बीच सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसी हालत में प्रमोद सैनी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

उधर आज सुबह मुजफ्फराबाद विकास खंड के पूर्व ब्लाक प्रमुख मुल्कीराज सैनी के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने थाना बिहारीगढ़ पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रमोद सैनी के भाई सुखवीर सैनी ने चार सगे भाइयों को नामजद करते हुए थाना बिहारीगढ़ में तहरीर दी है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला रंजिशन है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।