‘पहले लात खाएंगे, फिर टिकट की चाह में गुझिया खिलाएंगे’, आशु मलिक पर बरसे राजभर

‘पहले लात खाएंगे, फिर टिकट की चाह में गुझिया खिलाएंगे’, आशु मलिक पर बरसे राजभर

समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित गुझिया-सेंवई मिलन समारोह पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा हमला बोला है। सपा विधायक आशु मलिक पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा, आशु मालिक पहले लात खाएंगे और फिर टिकट की चाह पर गुझिया खिलाएंगे। सपा में मार खाने वाले और मारने वाले सब एक जगह इकट्ठा है। मायावती के खास रहे राम अचल राजभर को सपा ने सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा था, आज वो सपा में है।

‘टिकट की चाह में मार खाने पर भी गुझिया खिला रहे आशु मलिक’

भारतीय सुहेलदेव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पंचायती राज मंत्री राजभर ने कहा, ”आशु मलिक को भरे मंच पर पीटा गया आज भी वो सपा में ही है और गुझिया पार्टी कर रहे है। सिर्फ टिकट मिल जाए इसकी चाह में मार खाने पर भी आशु मालिक गुझिया खिला रहे हैं।”

 

 

अखिलेश यादव की मौजूदगी में जश्न 

बता दें कि समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में मंगलवार को होली-ईद मिलन सौहार्द समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में गीत-संगीत और कव्वाली का आयोजन सपा के सहारनपुर ग्रामीण से विधायक आशु मलिक की ओर से किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रहे। कार्यक्रम में विभिन्न जिलो से आए सपा के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे।

 

 

राजरतन अंबेडकर ने दी बधाई

सपा विधायक आशु मलिक की ओर से होली-ईद पर गुजिया-सेवइयां मिलन समारोह में तमाम लोगों ने गुझिया-सेंवई, छोला-भटूरा और बाटी-चोखा का आनंद लिया। इस अवसर पर बाबा साहब के प्रपौत्र डॉ. राजरतन अंबेडकर गुजिया-सेवई कार्यक्रम समारोह के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह का प्रयोग पूरे देश में होना चाहिए जो विभाजनकारी ताकतों को बता सके कि हम भारत के लोग एक हैं।


Leave a Reply