आसमान से बरस रही आग, लू के थपेड़े कर रहे बेहाल, आज से छाएंगे आंशिक बादल; कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी

आसमान से बरस रही आग, लू के थपेड़े कर रहे बेहाल, आज से छाएंगे आंशिक बादल; कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी

नई दिल्ली। आसमान से बरसती आग और भीषण लू के बीच दिल्ली वासियों का हाल बेहाल है। गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट के बीच ज्यादातर इलाकों में दिन का तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। पूसा का तापमान सर्वाधिक रिकॉर्ड किया गया। हालांकि शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने का भी अनुमान है, लेकिन गर्मी की चुभन कम नहीं होगी।

गर्मी ने मानो घर- दफ्तर में बाहर निकलने पर लगा दी पाबंदी

चिलचिलाती धूप के बीच गुरुवार को भी 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली गर्म ने भी घर- दफ्तर में बाहर निकलने पर मानो पाबंदी लगा दी हो। लाल बत्ती पर खड़े दोपहिया वाहन चालकों की स्थिति तो और भी दयनीय थी।

गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज

इन्हीं सब हालातों के बीच गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 44.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 58 से 15 प्रतिशत रहा। 47.8 डिग्री के साथ पूसा दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा।

आज भी 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलेगी। बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री तो न्यूनतम 30 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। ज्यादातर जगहों पर लू चलेगी।

दूसरी ओर बृहस्पतिवार को भी दिल्ली का एक्यूआइ 200 से नीचे यानी ”मध्यम” श्रेणी में रिकार्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआइ 193 रहा। इस स्तर की हवा को ”मध्यम” श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।


विडियों समाचार