
इनफ्लुएंसर शादाब जकाती पर FIR दर्ज, मारपीट-छेड़छाड़ समेत 5 धाराओं में केस
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से फेमस यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शादाब जकाती पर पुलिस ने केस दर्ज किया है. शादाब जकाती के साथ रील बनाने वाली महिला ने उनके खिलाफ बंधक बनाने और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए.
दरअसल साथ काम करने वाली महिला इन्फ्लूएंसर ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मामले की शिकायत की थी. इस बीच पुलिस ने शादाब जकाती के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
शादाब जकाती की तलाश में पुलिस
मेरठ के इंचौली थाने में यह मुकदमा दर्ज किया गया है. मुकदमा लिखते ही इन्फ्लूएंसर शादाब जकाती को ढूंढने में मेरठ पुलिस जुट गई है. बता दें कि शादाब जकाती अक्सर विवादों में घिरे हुए हैं. कुछ दिन पहले उनके खिलाफ एक साथी महिला के पति ने मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए थे.
महिला ने शादाब की पत्नी पर लगाए आरोप
शादाब जकाती पर मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला ने उनकी पत्नी पर मारपीट के आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि जब मैंने पुलिस में जाने की बात कही तो उसकी पत्नी ने मुझे मारा और धमकी दी. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शादाब जकाती ने कहा है कि तुम्हारे पति को भी मरवा देंगे.
महिला का आरोप है कि शादाब जकाती ने पहले काम दिया और साथ में वीडियो बनाना शुरू कर दिया, लेकिन बाद में वह हर वीडियो में बीवी बनाने का काम करने लगा. महिला की तरफ से लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर पुलिस ने मामले में संज्ञान ले लिया है.
आरोपों पर क्या बोले यूट्यूबर शादाब जकाती?
इन आरोपों पर शादाब जकाती ने अपने सोशल मीडिया पर वीडियो बयान जारी कर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि जिस महिला ने मेरे खिलाफ आरोप लगाए हैं, वह एक दिन मेरे पास आई और कहा कि आप लोगों की मदद करते हो. मैं मजदूरी का काम करती हूं और मेरा एक बच्चा है. शादाब ने आगे बताया कि महिला ने कहा कि मैं इतनी गरीब हूं कि उस बच्चे को मैं स्कूल नहीं भेज पा रही हूं और न ही पढ़ा पा रही हूं.
शादाब जकाती ने आगे बताया कि मैंने इस महिला के बच्चे की 6 महीने की फीस और कोर्स दिलाया. उन्होंने कहा कि मैंने इसके बच्चे के हाथों में किताबें दी और न जाने कितनी बार राशन और पैसे देकर मदद की. उन्होंने कहा कि इस बात के गवाह मेरी टीम सदस्य और वे दुकानदार भी है जिसने महिला को राशन दिया.
शादाब जकाती ने की जांच की मांग
शादाब ने कहा कि मैं आज अपनी मेहनत के दम पर यहां पहुंचा हूं, लेकिन दुख इस बात का है कि लोग बिल्कुल भी जीने नहीं दे रहे हैं. मेरे खिलाफ इतना बड़ा षड़यंत्र रचा जा रहा है. आगे आरोपों पर बताया कि मैंने उस औरत को कभी छुआ तक नहीं है.
उन्होंने आगे बताया कि मेरे घर पर कैमरे लग रहे हैं. वह महिला कभी हमारे घर पर रात में नहीं रुकी. इस पर शादाब ने आगे कहा कि मैं चाहता हूं कि जांच होनी चाहिए और अगर कुछ भी सबूत मेरे खिलाफ मिले तो मैं खुद अपनी गर्दन काट दूंगा.
