shobhit University Gangoh
 

BJP विधायक राजेश्वर सिंह को ‘लुटेरा’ बताने पर कांग्रेस नेता अजय राय पर FIR दर्ज

BJP विधायक राजेश्वर सिंह को ‘लुटेरा’ बताने पर कांग्रेस नेता अजय राय पर FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ लखनऊ में एफ़आईआर दर्ज की गई है. अजय राय ने लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखने को मिल रही थी. बीजेपी विधायक के समर्थकों ने ही इस टिप्पणी को लेकर अजय राय के खिलाफ  मुकदमा दर्ज कराया है.

बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी रह चुके हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इसी को लेकर उनपर टिप्पणी की थी और उन्हें कथित तौर पर देश और प्रदेश को अधिकारी रहते लूटने का आरोप लगाया था. जिसके बाद उनकी इस टिप्पणी को लेकर काफी विवाद देखने को मिला.

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

बीजेपी विधायक के समर्थकों ने अजय राय की राजेश्वर सिंह पर कई गई टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन भी किए थे और उसने माफी की मांग की थी. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अजय राय की टिप्पणी को निराधार बताया और आरोप लगाया कि उनकी राजनीति छवि को ख़राब करने के लिए इस तरह की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है तो बर्दाश्त नहीं होगा.

विधायक के करीबी ने दर्ज कराई शिकायत

राजेश्वर सिंह के करीबी शंकरी सिंह ने इस टिप्पणी के विरोध में अजय राय के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. उन्होंने शिकायत की कि अजय राय ने सरोजिनी नगर से विधायक राजेश्वर सिंह के विरुद्ध असत्य, मानहानिकारक और भड़काऊ बयान दिए हैं. उनके भाषण को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रकाशित और प्रसारित किया गया है.

शिकायत में कहा कि अजय राय ने जानबूझकर झूठे आरोप गढ़े और कहा कि राजेश्वर सिंह ने पूरे देश को लूटा, पूरे लखनऊ को लूटा. ईडी में रहते हुए ये लूटपाट करके आए हैं. जबकि आरोपी (अजय राय) को ये ज्ञात है कि उनका ये कथन पूरी तरह असत्य, निराधार और तथ्यहीन है.

शंकरी सिंह ने माँग की इस मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जाँच की जाए और उनके भाषण के वायरल वीडियो का डेटा जब्त किया जाए ताकि किसी भी प्रकार क़ानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो.

Jamia Tibbia