कोरोना वायरस: लापरवाही के आरोप में कनिका कपूर के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

- कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर ऐक्शन में आई योगी सरकार, जांच के आदेश
- कनिका किस-किस पार्टी में गईं और वहां कौन-कौन से लोग आए थे सबकी जांच की जाएगी
- यूपी सरकार तैयारी कर रही है कि जानकारी छिपाने वालों के खिलाफ केस भी दर्ज किया जाए
लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुई एक हाई प्रोफाइल पार्टी कोरोना वायरस फैलाने का बड़ा कारण बन रही है। इस पार्टी में शामिल हुईं सिंगर कनिका कपूर के खिलाफ लापरवाही फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने आदेश दिया है कि उन लोगों की जांच की जाए, जो इस पार्टी में शामिल हुए थे। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिन लोगों ने जानकारी छिपाए रखी, उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जाए।
लखनऊ के पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय की ओर से कहा गया, ‘कोरोना वायरस से संक्रमित बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।’ दरअसल, कनिका कपूर पर आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर खुद को आइसोलेट नहीं किया। कनिका कपूर के साथ पार्टी में शामिल होने वाले कई लोगों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। खुद कनिका कपूर कोरोना वायरस संक्रमित पाई गई हैं। उनके खिलाफ लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में सेक्शन 188, सेक्शन 269 और सेक्शन 270 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने लखनऊ के डीएम को आदेश दिया है कि कनिका कपूर की पार्टी में गए लोगों की जांच की जाए। लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश को 24 घंटे में इसकी रिपोर्ट देनी है। कनिका कपूर की पार्टी में गए लोगों की पहचान सीसीटीवी के जरिए की जाएगी। वहीं, जानकारी छुपाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा। यूपी सरकार ने आदेश दिया है कि कनिका कपूर के कुल तीन कार्यक्रमों में जिन-जिन लोगों ने हिस्सा लिया था, उनकी पहचान की जाए। सभी लोगों को चिह्नित करके उन्हें आइसोलेशन में रखा जाए।
कई नामचीन लोग भी पार्टी में हुए शामिल
लखनऊ में हुई इसी पार्टी में राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत सिंह ने भी हिस्सा लिया था। इन दोनों नेताओं और इनके संपर्क में आए लोगों ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया। दुष्यंत सिंह इस पार्टी के बाद संसद भी गए थे इसलिए कई सांसदों ने भी खुद को आइसोलेशन में रखने की सूचना दी है।
कोरोना के लक्षण दिखें तो ये कॉमन दवा खाने की गलती ना करेंऐसे लोग जिनमें कोरोना वायरस के लक्षण हों, वे आई-ब्रूफेन (Ibuprofen) ना लें, इसकी जगह पेरासिटामोल (Paracetamol) का इस्तेमाल करें। फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री के इस दावे का समर्थन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी किया है। संयुक्त राष्ट्र के इस स्वास्थ्य संगठन के विशेषज्ञों ने कहा है कि वे इस पर आगे भी निर्देश जारी करेंगे।
राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि जिस-जिस पार्टी में कनिका कपूर गई थीं, उसकी जांच की जाएगी। इसका पता लगाया जाएगा कि इन पार्टियों में कौन-कौन लोग शामिल हुए थे। इस पूरे मामले की जांच लखनऊ के डीएम करेंगे और एक दिन के अंदर राज्य के गृह विभाग को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। लखनऊ में कनिका कपूर के अलावा तीन और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद राज्य सरकार हाई अलर्ट पर है।
‘लॉकडाउन’ हुआ लखनऊ
लखनऊ के सभी इलाकों में बार, कैफे/लाउंज, हेयर सलून, ब्यूटी पार्लर, मल्टिप्लेक्स, रेस्टोरेन्ट, ढाबे, फूड स्टॉल, मिठाई शॉप आदि को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश दिया गया है। पूरे लखनऊ के दफ्तरों और अन्य प्रतिष्ठानों को भी 23 मार्च तक के लिए बंद कर दिया है। जिन इलाकों में फिलहाल 23 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा की गई है, उन इलाकों में सभी ऑफिस, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कोचिंग संस्थान, अन्य दुकानें आदि बंद रहेंगे।
लखनऊ की इस पार्टी ने बिगाड़ा खेल
-
लखनऊ में हुई इस पार्टी में कई नामचीन लोग शामिल हुए। पार्टी में सिंगर कनिका कपूर भी शामिल हुई थीं, जो अब कोरोना वायरस से पीड़ित पाई गई हैं। कनिका कपूर से मिलने वाले लोगों और उनके परिवार ने खुद को आइसोलेट करना शुरू कर दिया है।
-
लखनऊ में हुई इस पार्टी में राजस्थान की पूर्व सीएम और बीजेपी नेता वसुंधरा राजे सिंधिया भी शामिल हुई थीं। कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद वसुंधरा राजे ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।
-
वसुंधरा राजे सिंधिया के बेटे और बीजेपी के सांसद दुष्यंत सिंह भी कनिका कपूर के साथ पार्टी में मौजूद थे। इस पार्टी के बाद दुष्यंत सिंह संसद में भी गए थे और वहां उन्होंने कई नेताओं से मुलाकात की थी। दुष्यंत सिंह ने लोकसभा की कार्यवाही में भी हिस्सा लिया था। अब दुष्यंत सिंह ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।
-
लखनऊ में हुई पार्टी में यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भी शामिल हुए थे। अब उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उनसे मिलने वाले कई लोगों ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।
-
अपना दल की नेता और सांसद अनुप्रिया पटेल ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है। अनुप्रिया ने बताया है कि वह एक कार्यक्रम में गई थीं, जहां दुष्यंत सिंह भी मौजद थे। अनुप्रिया ने कहा है कि एहतियात के तौर पर वह आइसोलेशन में जा रही हैं।
-
संसद में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी डेरेक ओ ब्रायन से मिले थे। अब उन्होंने खुद को आइसोलेशन में रखने की बात कही है। संजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा है- राज्यसभा के सदस्य और मेरे मित्र डेरेक ओ ब्रायन ने खुद को क्वारंटीन में रखा है। संसद में हमलोग बराबर मिलते रहते हैं इसलिए मैं भी सावधानी बरतते हुए सेल्प क्वारंटीन में जा रहा हूं।
-
बीजेपी विधायक और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है। उनके अलावा दादरी विधायक तेजपाल नागर और जेवर से विधायक धिरेंद्र सिंह ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है। ये तीनों विधायक उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे, जिसमें यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने हिस्सा लिया था।
-
कांग्रेस के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है। जितिन प्रसाद ने बताया है कि वह भी उस पार्टी में शामिल हुए थे, जिसमें कनिका कपूर और अन्य लोग पहुंचे थे।
राशन की दुकानें और अस्पताल खुले रहेंगे
जिलाधिकारी ने आदेश जारी करके कहा है कि 23 मार्च तक सभी दफ्तर और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इस लॉकडाउन के बावजूद आम लोगों को खास समस्या नहीं होगी क्योंकि अस्पताल, मेडिकल स्टोर, रसोई गैस, दूध और राशन की दुकानें खुली रहेंगी। लखनऊ में शुक्रवार को 4 नए केस मिलने के साथ ही शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। लखनऊ में इन चार नए मामलों के साथ उत्तर प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 23 तक पहुंच गई है।
ताज होटल भी बंद
लखनऊ के ताज होटल को भी अब बंद कर दिया गया है। कनिका कपूर ने इस हफ्ते की शुरुआत में लखनऊ आने के बाद होटल ताज में एक पार्टी में हिस्सा लिया था। कनिका लखनऊ में बीते सात दिनों में जहां-जहां गई हैं, जिलाधिकारी ने उन इलाकों को पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया है।