भारत में होने वाला फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप स्थगित, 2022 में होगा आयोजन

नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से एक खेल के आयोजन को स्थगित करना पड़ा है। क्रिकेट के टी20 विश्व कप को बाद अब भारत में होने वाले अंडर 17 महिला विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट पर भी कोरोना की मार पड़ी है। फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा ने कोविड-19 महामारी के चलते भारत में खेले जाने वाले अंडर-17 महिला विश्व कप को रद कर दिया और उसे 2022 की मेजबानी का अधिकार सौंप दिया।
कोरोना वायरस के कारण इस टूर्नामेंट को 2021 के लिए स्थगित किया गया था। यह फैसला फीफा परिषद के उस ब्यूरो द्वारा लिया गया जिसने मौजूदा कोविड-19 महामारी के वैश्विक फुटबॉल पर पड़ रहे असर का आकलन किया। फीफा के अनुसार, इन टूर्नामेंटों (अंडर-17 महिला और अंडर-20 महिला विश्व कप) को आगे के लिए स्थगित करने में असमर्थता के कारण कोविड-19 के लिए गठित फीफा परिसंघ कार्य समूह की सिफारिशों पर दोनों आयु वर्ग के 2020 चरण को रद करने के साथ ही उन्हें अगले आयोजन का अधिकार दिया गया।
फीफा-परिसंघ कोविड-19 कार्य समूह ने सभी हितधारकों से सलाह लेने के बाद अंडर-17 महिला विश्व कप के साथ ही अंडर-20 महिला विश्व कप 2020 को भी रद कर दिया। दोनों विश्व कप का अगला आयोजन 2022 में होगा जिसकी मेजबानी मौजूदा मेजबान देशों के पास रहेगी।
टूर्नामेंट के 2022 संस्करणों के बारे में फीफा और संबंधित मेजबान सदस्य संघों के बीच आगे के परामर्श के बाद ब्यूरो ने कोस्टा रिका को फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप 2022 और भारत को फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप 2022 की मेजबानी सौपी है। इससे पहले भारत में इस विश्व कप का आयोजन इस साल नवंबर में होना था, लेकिन कोविड-19 के कारण उसे अगले साल (2021) फरवरी- मार्च के लिए स्थगित कर दिया था।