अंबेडकर चौक पर ट्रकों की भीषण टक्कर, दुकान में घुसा अनियंत्रित ट्रक, तीन कारें क्षतिग्रस्त

अंबेडकर चौक पर ट्रकों की भीषण टक्कर, दुकान में घुसा अनियंत्रित ट्रक, तीन कारें क्षतिग्रस्त
  • सहारनपुर में दुर्घटना में क्षतिग्रस्त ट्रक।

सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्र के अंबेडकर चैक पर सोमवार देर रात दो ट्रकों की भीषण टक्कर हो गई। हादसा रात करीब दो बजे हुआ। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक कार सेल-परचेज की दुकान में खड़ी तीन कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के पिलर तक हिल गए।

जानकारी के अनुसार एक ट्रक जिला अस्पताल की ओर से नवाबगंज चैक की तरफ जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक नवाबगंज चैक की ओर से आ रहा था। अंबेडकर चैक के पास पहुंचते ही दोनों ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद नवाबगंज की ओर से आ रहा ट्रक नियंत्रण खो बैठा और घूमते हुए सड़क किनारे स्थित अमित कार सेल-परचेज की दुकान में जा घुसा।

दुकान संचालक अमित दुआ ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक दुकान का शटर तोड़ते हुए करीब आठ फीट अंदर तक घुस गया, जिससे अंदर खड़ी तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने बताया कि यदि ट्रक दुकान की पिछली दीवार तोड़ देता तो कारों को मकान के अंदर तक धकेल सकता था। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रक चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं दूसरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर जनकपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


Leave a Reply