विभिन्न मांगों को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय पर गरजे किसान, सौंपा ज्ञापन

- सहारनपुर में मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना देते किसान।
सहारनपुर। किसान मजदूर संगठन के बैनर तले सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व शामली के किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय पर नारेबाजी कर धरना दिया तथा मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन मंडलायुक्त को सौंपकर किसानों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत किसान मजदूर संगठन से जुड़े किसान राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. पूरण सिंह व जिलाध्यक्ष ठा. अजब सिंह के नेतृत्व में दिल्ली रोड स्थित मंडलायुक्त कार्यालय पर एकत्र हुए तथा किसानों की विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए। धरने को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. पूरण सिंह ने चीनी मिलों पर किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने, किसानों को मुफ्त बिजली दिलाने तथा आवारा पशुओं से किसानों की फसलों की रक्षा कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अम्बेहटा चांद में किसानों पर मेडिकल ट्रीटमेंट वेस्टेज प्लांट पर लगे मुकदमे वापस लिए जाएं। साथ ही मंडल के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डिलीवरी वार्ड में महिला चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। संगठन के जिलाध्यक्ष ठा. अजब सिंह ने दिल्ली, सहारनपुर- देहरादून इकोनोमिक कोरिडोर से सहारनपुर के कस्बा बडग़ांव में उतरने-चढऩे का रास्ता प्रदान करने की मांग करते हुए कहा कि देवबंद नानौता मार्ग चार राज्यो पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के हरिद्वार तीर्थस्थल को जोड़ता है।
उन्होंने एक्सप्रेस वे के निर्माण में किसानों के खेतों के चकमार्ग व सरकारी पानी की नालियां भी खुलवाने की मांग की गई। धरने में प्रदेश उपाध्यक्ष कुशल पाल फौजी, आशीष पुंडीर, मंडल अध्यक्ष यशपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष विनोद प्रधान, जिला महासचिव राजकुमार, तहसील अध्यक्ष दीपक राणा, प्रदेश मंत्री महेश त्यागी, प्रवीण कुमार, रियाज प्रधान, नवाब त्यागी, आदित्य त्यागी, संजय सिंह, मनोज राणा, प्रवीण कुमार, सुभाष, रोहताश, राशिद, आलमगीर, शिवम, ईश्वर पाल समेत भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।