किसान बचाओ रैली निकालकर मंडलायुक्त कार्यालय पर गरजे किसान

- सहारनपुर में मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना देते किसान।
सहारनपुर [24CN]। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के बैनर तले किसानों ने किसान बचाओ रैली निकालकर मंडलायुक्त कार्यालय पर नारेबाजी कर धरना दिया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन मंडलायुक्त डा. लोकेश एम को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भाकियू वर्मा से जुड़े किसान राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में तल्हेड़ी बुजुर्ग हाइवे से नागल, लाखनौर, टपरी, पेपर मिल रोड, विश्वकर्मा चौक, दीवानी कचहरी व कलक्ट्रेट होते हुए हजारों की संख्या में मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे तथा नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। किसान बचाओ रैली को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा ने कहा कि कृषि प्रधान देश भारत के किसानों को बचाने के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों के चलते अन्नदाता किसान कर्जमंद होकर आत्महत्या कर रहे हैं जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भगतसिंह वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की उन्नति के लिए उन्हें उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाएं। किसान आय आयोग का गठन करें। मनरेगा को खेती से जोड़कर किसानों का कर्ज माफ करे तथा तत्काल गन्ने का लाभकारी मूल्य तत्काल 600 रूपए प्रति कुंतल घोषित करे। उन्होंने किसानों, मजदूरों, युवाओं, छात्रों, बुद्धिजीवियों से एकजुट होकर शहीद भगतसिंह, सुभाष चंद्र बोस, अशफाक उल्ला खां के सपनों का भारत बनाने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
अध्यक्षता करते हुए गन्ना किसान बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक व जाट निर्माण समिति के जिलाध्यक्ष चौ. बख्तावर सिंह ने कहा कि देश व किसान को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। उन्होंने देश की उन्नति के लिए सर छोटूराम व चौ. चरणसिंह जैसे नेताओं के आदर्शों पर दिल्ली के नेताओं को चलने की नसीहत दी। प्रदेश महासचिव आसिम मलिक ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों के चलते किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य तो दूर लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश का किसान खुशहाल होगा तभी देश भी खुशहाल होगा।
उन्होंने विद्युत विभाग व आरटीओ कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि प्राविधिक निरीक्षक द्वारा भ्रष्टाचार की तमाम सीमाएं लांघ दी गई हैं। बिना पैसे के किसी का भी लाइसेंस जारी नहीं किया जा रहा है। किसान बचाओ रैली को सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री विनोद तेजियान, आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय सह संयोजक रविंद्र चौधरी, राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी, आप के प्रदेश महासचिव मनीष सिंह, मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष राव रजा खान, ऋषिपाल प्रधान, स. गुरविंद्र सिंह बंटी, अशोक मलिक, प्रीतम सिंह चौधरी, सतेंद्र सोलंकी, शिवकुमार धारकी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुधीर चौधरी, जिला पंचायत सदस्य ओमपाल प्रधान, मांगेराम सैनी आदि ने सम्बोधित किया।
इस दौरान मौ. कामिल, मौ. मुकर्रम प्रधान, सुधीर चौधरी, महबूब हसन, हाजी बुद्धू हसन, नैनसिंह सैनी, मांगेराम सैनी, मौ. यासीन, मूसा मौहम्मद, प्रधान हरपाल सिंह, हरेंद्र सिंह प्रधान, नीटू प्रधान सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।