विभिन्न मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय पर गरजे किसान

विभिन्न मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय पर गरजे किसान
  • सहारनपुर में देवबंद में उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने जाते किसान।

सहारनपुर [24CN]। भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के बैनर तले किसानों ने उपजिलाधिकारी देवबंद के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर किसान सम्मान रैली की तथा पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने तक संघर्ष जारी रखने की घोषणा की।

भाकियू वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में तल्हेड़ी बुजुर्ग से साखन कला नहर, जामिया तिबिया कालेज, तल्हेड़ी चुंगी, मंगलौर चौकी, बस अड्डा होते हुए ट्रैक्टर, बार व बाइकों के काफिले के साथ उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जामिया तिबिया कालेज के सामने हाइवे पर चक्का जाम भी किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि किसान, मजदूर, गरीब, वंचित, छोटे व्यापारियों, नौजवानों और छात्रों के लिए यह आर्थिक आजादी की लड़ाई है। जब तक पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण नहीं होगा, अग्निपथ योजना समाप्त नहीं होगी, मनरेगा को खेती से नहीं जोड़ा जाएगा, किसानों को कृषि कार्य हेतु नि:शुल्क बिजली नहीं मिलेगी, चीनी मिलों से किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिलेगा तथा जनपद सहारनपुर के किसानों को शामली, मुजफ्फरनगर व बागपत के किसानों के बराबर मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भाकियू वर्मा का संघर्ष जारी रहेगा।

किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. राजवीर सिंह मुंडेट ने कहा कि कृषि प्रधान देश भारत को उन्नतिशील बनाने के लिए चौ. चरणसिंह के सिद्धांतों पर चलना जरूरी है। उनकी सोच से ही देश उन्नतिशील हो सकता है। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में देश व प्रदेश में मजबूती के साथ लड़ाई लडऩे का काम करेंगे। उन्होंने किसानों व मजदूरों से जाति, धर्म व बिरादरी से ऊपर उठकर पृथक राज्य और किसानों की लड़ाई लडऩे का आह्वान किया।

भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय सह संयोजक रविंद्र चौधरी व प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पृथक राज्य निर्माण से ही सभी समस्याएं हल हो जाएंगी।

प्रदर्शनकारियों में वीरेंद्र चौधरी, राव रजा खान, नीरज कपिल, हाफिज मुर्तजा त्यागी, चौ. ऋषिपाल प्रधान, स. गुलविंदर सिंह बंटी, जिला पंचायत सदस्य ओमपाल सिंह, कांग्रेस नेता इरशाद सोनी, संयुक्त खेत मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद पहलवान, पदम राठी, नीरज सैनी, रविंद्र चौधरी, अरविंद चौधरी, वसीम जहीरपुर, मो. राशिद, यासीन त्यागी, गगन त्यागी, सुनील धीमान, सुशील गुर्जर धारकी समेत हजारों की संख्या में किसान शामिल रहे।