बैंक प्रबंधक की तानाशाही के खिलाफ किसानों ने खोला मोर्चा, दिया धरना
- सहारनपुर में बिहारीगढ़ में पीएनबी शाखा पर धरना देते किसान।
छुटमलपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले किसानों ने पंजाब नेशनल बैंक की बिहारीगढ़ शाखा में व्याप्त भ्रष्टाचार व शाखा प्रबंधक की मनमानी के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया तथा बैंक के बड़े अधिकारी के मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किए जाने तक धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की।
भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता सुबह करीब साढ़े दस बजे पंजाब नेशनल बैंक की बिहारीगढ़ शाखा के मुख्य द्वार के बाहर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना था कि बैंक मैनेजर द्वारा उपभोक्ताओं का आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है जिस कारण किसानों को धरना देने को मजबूर होना पड़ा है। ब्लाक अध्यक्ष बबली काम्बोज व राजकुमार राणा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक शाखा प्रबंधक को यहां से नहीं हटाया जाएगा और अधिकारी समस्याओं का समाधान नहीं करेंगे तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
दोपहर करीब एक बजे शाखा प्रबंधक दिनेश गुंसाई किसानों के बीच पहुंचे तो किसानों ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई। शाखा प्रबंधक दिनेश गुंसाई ने अपनी गलती सुधारने का विश्वास दिलाते हुए किसानों से माफी मांगी और धरना समाप्त करने का अनुरोध किया।
भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष अजय काम्बोज व मंडल महामंत्री डा. राजवीर सिंह काम्बोज ने धरने में मौजूद किसानों को बामुश्किल समझा- बुझाकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान भाकियू जिला प्रवक्ता मा. देवेंद्र काम्बोज, अमित, रागिब अली, मौ. दिलशाद, बिरम सिंह राठौर, आरिफ मिर्जा, विपुल काम्बोज, चंद्रपाल सिंह, सौविंद्र सिंह, बलबीर सिंह, सोमपाल आदि सहित अनेक किसान व बैंक उपभोक्ता मौजूद रहे।
